मप्र में 5 मई को मंत्रिमंडल विस्तार के आसार 22 मंत्री ले सकते हैं शपथ

भोपाल,मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को राज्यपाल लालजी टंडन से मुलाकात की। सूत्र बता रहे हैं कि दोनों के बीच मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा हुई है। मंत्रिमंडल विस्तार में 22 मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है।
भाजपा सूत्रों का कहना है कि 3 मई को दूसरे लॉकडाउन की अवधि खत्म के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। तीन तारीख यानि शनिवार को लॉकडाउन खत्म हो रहा है, इसके बाद संभावना है कि 5 मई को मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया जाए।
दिल्ली में लगेगी नामों पर अंतिम मुहर
मंत्रिमंडल में सिंधिया समर्थकों के साथ भाजपा के बड़े नेताओं को भी जगह मिल सकती है। इसे लेकर मुख्यमंत्री शिवराज की संगठन स्तर पर भी चर्चा हुई है। बताया जा रहा है कि मंत्री पद के लिए नामों पर अंतिम फैसला होने के बाद सूची दिल्ली भेजी जाएगी। वहां से हरी झंडी मिलने के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। अभी विस्तार की तारीख घोषित नहीं की गई है।
7 स्थान खाली रखे जाएंगे
230 सदस्यीय मप्र विधानसभा में 35 मंत्री बनाए जा सकते हैं। वर्तमान में मुख्यमंत्री सहित छह मंत्री हैं। 5 मई को संभावित विस्तार में 22 मंत्री बनाए जाने की संभावना है। इस तरह 7 स्थान खाली रखे जाएंगे। भाजपा सूत्रों का कहना है कि आगामी राजनीतिक स्थिति को देखते हुए जून-जुलाई में कुछ और मंत्री बनाए जा सकते हैं।
-भाजपा से इन नामों पर चर्चा
भाजपा से मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले जिन नामों पर चर्चा चल रही है, उसमें भूपेंद्र सिंह, गोपाल भार्गव, रामपाल सिंह, यशोधरा राजे सिंधिया, अजय विश्नोई, गौरीशंकर बिसेन, संजय पाठक, विश्वास सारंग, अरविंद भदौरिया, विजय शाह, ओमप्रकाश सकलेचा, जगदीश देवड़ा, यशपाल सिंह सिसोदिया, हरिशंकर खटीक, प्रदीप लारिया, पारस जैन, रमेश मेंदोला, गोपीलाल जाटव, मोहन यादव और सुरेंद्र पटवा का नाम शामिल है।
-सिंधिया खेमे के इन विधायकों को मिल सकती है जगह
शिवराज कैबिनेट के विस्तार में इस बार फिर से सिंधिया समर्थक चेहरों को कैबिनेट में जगह मिल सकती है। मंत्रिमंडल गठन के समय मिनी कैबिनेट में भी सिंधिया खेमे से दो चेहरे गोविंद सिंह राजपूत और तुलसीराम सिलावट जगह पाने में कामयाब रहे थे, अब विस्तार में कुछ और चेहरे मंत्री बनाए जा सकते हैं। इसमें पूर्व मंत्री इमरती देवी, महेंद्र सिंह सिसोदिया, प्रद्युमन सिंह तोमर, प्रभुराम चौधरी शामिल हैं। इसके अलावा ऐंदल सिंह कंषाना, हरदीप सिंह डंग, बिसाहू लाल सिंह, राजवर्धन सिंह दत्तीगांव संभावितों में शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *