भोपाल, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान का चौंकाने वाला बयान आया है। उन्होंने इस बार अधिकारियों को टारगेट किया है। साथ ही फ्लोर टेस्ट को लेकर सरकार पर फिर हमला किया है। चौहान ने राज्यपाल से मुलाकात के बाद मध्यप्रदेश सरकार को फिर से निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ की सरकार बहुमत साबित करने से भाग रही है। अगर इनके पास बहुमत होता तो ये सदन में साबित करते। उन्हें पता है कि सरकार संकट में है। भारतीय जनता पार्टी के पास स्पष्ट बहुमत है और विधायकों की संख्या भी ज्यादा है। कांग्रेस हमसे बहुत पीछे है। गवर्नर के आदेश के बाद भी सरकार विश्वास मत हासिल नहीं कर रही है।
संवैधानिक पदों पर हो रही हैं नियुक्तियां
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ये लोग जानते हैं कि हम गए काम से। उसके बावजूद लगातार संवैधानिक पदों पर नियुक्तियां की जा रही हैं। अलग-अलग आयोग के अध्यक्ष बनाए जा रहे हैं। साथ ही लोगों को भय और प्रलोभन भी दे रहे हैं। ये लोग घटिया स्तर पर उतर आए हैं। चौहान ने कहा कि जो विधायक हमारे हैं, वो हमारे साथ हैं। यह सरकार किसी का काम धंधा नष्ट कर रही है तो किस पर केस लगा रही है।
अधिकारियों को चेताया
पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों को चेताते हुए कहा कि कुछ अधिकारी इनके कहने पर काम कर रहे हैं। मैं उन अधिकारियों को चेतावनी देता हूं। मेरे पास तुरंत खबर आती है। एक-एक की सूची बना रहा हूं जो गलत कर रहे हैं, उसको हम छोड़ेंगे नहीं। एक-एक का हिसाब किया जाएगा। वैसे अधिकारियों की संख्या थोड़ी है, एक-एक से निपटा जाएगा। गलत करने वाले सावधान हो जाएं।
शिवराज को है जल्दी
वहीं, शिवराज सिंह चौहान के इस बयान पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने हमला किया है। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान को सरकार बनाने की जल्दी है। गौरतलब है कि बीजेपी लगातार सदन में फ्लोर टेस्ट की मांग कर रही है। शिवराज सिंह ने अपने नेताओं के साथ राज्यपाल से मुलाकात भी की है। साथ ही फ्लोर टेस्ट की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में भी याचिका लगाई है, जिस पर बुधवार को सुनवाई है।
एक-एक की सूची बना रहा हूं, जो गलत कर रहे हैं, उनको छोड़ेंगे नहीं-शिवराज