भोपाल, मध्यप्रदेश में युवक कांग्रेस के लंबे समय से चल रहे चुनावों का इंतजार अब खत्म हो गया है। इस चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। 14 और 15 मार्च को मतदान होंगे। इसके साथ ही युवक कांग्रेस अध्यक्ष बनने के लिए युवा नेताओं में घमासान शुरू हो गया है। दावेदार नेता सक्रिय हो गए हैं।
चुनाव की घोषणा होने के साथ ही अब इस बात के कयास लगने शुरू हो गए हैं कि मध्यप्रदेश में युवक कांग्रेस की कमान किसके हाथ में होगी। 16 साल के बाद यह पहला मौका होगा जब कांग्रेस के सत्ता में रहते हुए युवक कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष बनेगा। वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष कुणाल चौधरी दो वर्ष के निर्धारित कार्यकाल से कहीं ज्यादा लगभग चार साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं और उनके नेतृत्व में ही कांग्रेस ने सत्ता में वापसी की थी।
दावेदारों की लंबी कतार
युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के लिए इस सबसे प्रबल दावेदार नितिन वानखेडे हैं जो वर्तमान में एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। विपिन वानखेड़े को दिग्विजय सिंह गुट का माना जाता है। इसके साथ-साथ इंदौर के पिंटू जोशी भी इस पद के प्रमुख दावेदार हैं जो वर्तमान में मध्य प्रदेश युवक कांग्रेस के उपाध्यक्ष हैं। पिंटू को उनकी राजनीतिक विरासत और दिग्विजय सिंह से परिवार के अच्छे संबंधों का लाभ भी मिल सकता है। इसके साथ-साथ मध्य प्रदेश के पशुपालन मंत्री लाखन सिंह के भतीजे और युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव संजय यादव भी इस पद के लिए एक बड़े दावेदार हैं। उन्हें पिछड़े वर्ग के होने का भी लाभ मिल सकता है।वे जीतू पटवारी के बेहद करीबी है। कमलनाथ के क्षेत्र छिंदवाड़ा के रहने वाले नितिन भोज भी इस पद के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं। उन्हें कमलनाथ की नजदीकियों के चलते इस पद पर चुने जाने की पूरी उम्मीद है। वही ज्योतिरादित्य सिंधिया की ओर से उनके खास खास माने जाने वाले युवा नेता कृष्णा घाडगे भी इस पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं।
युवक कांग्रेस के चुनाव कार्यक्रम
मध्यप्रदेश में युवक कांग्रेस के लंबे समय से चल रहे चुनावों का इंतजार अब खत्म हो गया है। इस चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। चुनाव के लिए नामांकन 28 फरवरी से 5 मार्च तक भरे जा सकेंगे। इन नामांकनो की जांच 1 मार्च से 4 मार्च तक होगी और 7 मार्च को इनके लिए दावे आपत्ति स्वीकार होंगे। साथ ही चुनावों में चुनाव चिन्ह का आवंटन भी 7 मार्च को किया जाएगा। चुनाव 2 दिन 14 और 15 मार्च को होंगे और इसके परिणाम 19 मार्च को आ जाएंगे। इन चुनावों में पूरे प्रदेश के जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव ,सह सचिव सहित सभी पदों के लिए वोट डाले जाएंगे।
मप्र युवा कांग्रेस का चुनाव कार्यक्रम घोषित 14 और 15 मार्च को डाले जायेंगे वोट