भोपाल, राजधानी भोपाल में मध्यप्रदेश पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन ने गोविंदपुरा थाने के पास राजधानी का पहला 10 मंजिला भवन तैयार किया है। जिसका आज मुख्यमंत्री कमलनाथ ने उद्घाटन किया। इस परिसर में पुलिस आरक्षकों को सर्व सुविधायुक्त टू-बीएचके फ्लैट की सुविधा दी जा रही है। जनकारी के अनुसार बीएचईएल उपनगरी में यह पहली ऐसी बहुमंजिला बिल्डिंग है, बीएचईएल ने राज्य सरकार के पुलिस विभाग को गोविंदपुरा के गादिया गांव से आवंटित करीब 11.55 एकड़ भूमि पुलिस स्टेशन और आवासीय परिसर बनाने के लिए हस्तांतरित की थी। यहां पुलिस थाना पहले ही बन गया था और लगभग 10 एकड़ भूमि पर आवासीय परिसर का निर्माण किया गया है। इस आवासीय परिसर को पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन द्वारा लगभग 30 करोड़ 88 लाख रुपए के बजट से तैयार किया गया है। भेल उपनगरी में लगभग 1500 एकड़ से ज्यादा वाले क्षेत्रफल में 10 मंजिला पहली बिल्डिंग बनी है जो लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है। बीएचईएल दशहरा मैदान के सामने बनी इस बिल्डिंग को पुलिस कॉर्पोरेशन द्वारा खूबसूरती के लिहाज से निजी बिल्डरों की तर्ज पर बनाया गया है। कॉर्पोरेशन के अफसरों के अनुसार 10 मंजिला भवन में कुल 240, टू बीएचके फ्लैट बनाए गए हैं। एक परिसर में 80 फ्लैट बने हैं। यहां तीन परिसर बनाए गए हैं। इस भवन के सामने एक बड़ा पार्क भी बनाया जा रहा है। एक मल्टी में आरक्षकों और उनके परिजनों को आने-जाने के लिए इसमे 2 लिफ्ट लगाई गई हैं। इसी के साथ 3 फीट से ज्यादा चौड़ाई वाली सीढ़ी भी बनाई गई, जिससे आने-जाने में किसी को कोई तकलीफ न हो। भवन में फायर फाइटर सिस्टम के साथ विद्युत सिस्टम के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। यहां बनाए गए मकानों के अंदर आकर्षक टाइल्स के साथ ही मार्बल का उपयोग भी किया गया है।
सिपाहियों के लिए भोपाल में बनी पहली दस मंजिला इमारत