क्या प्यार आपको थप्पड़ मारने का लाइसेंस देता है ?

मुंबई,फ़िल्म “थप्पड़” के मेकर्स ने वैलेंटाइन डे पर वाइलेंटाइन डे यानी झगड़े का दिन नाम से एक ‎वि‎डियो रिलीज किया है। इस वीडियो में तापसी पन्नू को एक दूल्हे के परिवार से मिलते हुए दिखाया गया है जहाँ पूरा परिवार बेहद सरलता से थप्पड़ पर बातचीत करते हुए नजर आ रहा है। क्लिप में दिखाया गया है कि इस तरह के व्यवहार को हमारे समाज में कितना सामान्य माना जाता है। यह वीडियो एक प्रभावशाली और बहुत जरूरी संदेश के साथ समाप्त होता है और दर्शकों से पूछता है ‎कि क्या प्यार आपको थप्पड़ मारने का लाइसेंस देता है? वीडियो देखने के बाद लोगों ने कमेंट बॉक्स में अपनी प्रतिक्रिया दी है। एक यूजर ने लिखा‎ कि घरेलू हिंसा के प्रति जागरुकता फैलाने के लिए ये बहुत अच्छा कदम है, लेकिन मुझे पता नहीं ये काम करेगा या नहीं। जो लोग घरेलू हिंसा करते हैं वो भावनाओं या लोगों की अपील पर रिस्पॉन्ड नहीं करते हैं। उन्हें बस ताकत और डर से फर्क पड़ता है। किसी भी महिला के लिए सबसे अच्छी चीज है उसका आत्मनिर्भर होना और उसका शिक्षित होना।” इसी तरह के ढेरों कमेंट लोगों ने इस वीडियो पर किए हैं जिसमें उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी है। बता दें कि अनुभव सिन्हा द्वारा निर्देशित फिल्म “थप्पड़” में शादी के बाद पुरुषों व महिलाओं के बीच के संबंध पर गहराई से बात की गई है। इस ट्रेलर ने खासकर उन महिलाओं को प्रभावित किया है जो अपने रिश्ते की कहानियों को साझा करने के लिए आगे आई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *