सीएम कमलनाथ ने पीएम मोदी से पूछा आपकी पार्टी का एक नाम बता दीजिए, जो स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रहा हो

भोपाल, एमपी के सीएम कमलनाथ ने राष्ट्रवाद का उल्लेख करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग कांग्रेस को और सेवा दल को राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाएंगे। मैं तो हमेशा कहता हूं कि नरेंद्र मोदी जी एक नाम बता दीजिए, जो आपकी पार्टी का स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रहा हो। आप अपने रिश्तेदार का तो नाम बता दीजिए, अपना नाम तो छोड़िए, बाप-दादाओं का नाम तो छोड़िए… इनका कोई स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नहीं रहा और ये राष्ट्रवाद का पाठ कांग्रेस को पढ़ाने आते हैं।
कमलनाथ ने कहा, ‘हमारे देश की संस्कृति सहिष्णुतावाली है। यही हमारे संविधान का मूल्य है। आज इस पर किस प्रकार का हमला हो रहा है। इसका भविष्य में क्या प्रभाव पड़ेगा। सेवादल का बहुत बड़ा योगदान है। हमारे देश को पूरा विश्व बहुत ताज्जुब से देखता है कि किस प्रकार यहां विविधता, अनेकता है कि पूरा देश एक झंडे के नीचे खड़ा रहता है। ऐसी ही मजबूती सोवियत संघ में थी लेकिन वह बिखर गया क्योंकि उनकी संस्कृति ऐसी नहीं थी। हमारी संस्कृति विविधता में एकता वाली है। यही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। इसी पर अब हमला किया जा रहा है। ये लोग एनआरसी की बात करते हैं।’
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘आज ये गुमराह करने की बात करते हैं। आपको भाजपा के पिछले छह-सात साल की राजनीति पहचाननी है। अभी लोकसभा का चुनाव हुआ तो जनता का ध्यान मोड़ दिया गया। आज चुनौतियां और प्रश्न दूसरे हैं लेकिन उनका जवाब नहीं है। आपने मोदी जी को सुना कि पिछले समय में उन्होंने किसानों या नौजवानों की कोई बात की हो?’
सीएम कमलनाथ ने कहा, ‘एनआरसी का मतलब है नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजंस… जब आप अपना नाम दर्ज कराने जाओगे तो सवाल होगा कि आपका धर्म क्या है तो आप कहोगे हिंदू। अब आपके पास सबूत क्या है कि आप हिंदू हो। फिर वे पूछेंगे कि आपके बाप का क्या धर्म है, दादा का क्या धर्म था, कोई सबूत है। इसमें यह बात नहीं कि क्या लिखा है, चिंता इस बात की है कि क्या नहीं लिखा है। ये लोग गुमराह करने वाली बात करते हैं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *