भोपाल,दानिश नगर में एक गैस्ट हाउस में घुसकर पांच बदमाशों ने मिलकर एक गैस्ट हाउस के मैनेजर को चाकू से गोद डाला। आरोपियों ने लात घूसों और डंडो से भी उसकी बेरहमी से धुनाई की। बेहोश होने के बाद में बदमाश फरियादी को छोड़कर फरार हो गए। विवाद का करण शराब पीने के लिए रूम देने से इनकार किया जाना बताया जा रहा है। वहीं पुलिस हिरासत में आए एक आरोपी ने पुलिस को बताया कि मैनेजर उसकी गर्ल फ्रेंड पर बुरी नजर रखता था। पुलिस ने हत्या का प्रयास, बलवा सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
एएसआई मोहन वर्मा के अनुसार कुल्दीप चौहान पिता साहब सिंह (23) शुभ श्री गैस्ट हाउस दानिश नगर में बतौर मैनेजर कार्यरत हैं। कुल्दीप ने पुलिस को बताया कि कल शाम करीब पांच बजे वह गैस्ट हाउस में बैठा था। तभी उसके पूर्व परिचित आरोपी अरबाज,शरीफ,जुनैद और सौहेल व एक अन्य आए। अरबाज ने शराब पीने के लिए रूम देने की मांग की। इस समय आरोपियों के साथ में एक लड़की भी थी। मैनेजर ने रूम देने से इनकार किया तो बदमाशों ने उसके साथ में बदसलूकी शुरू कर दी और मारपीट करने लगे। इसी दौरान अरबाज ने छुरी निकालकर फरियादी पर ताबड़तोड़ वार कर डाले। जिससे वह बुरी तरह से जख्मी होने के बाद में बेहोश हो गया। तब बदमाश उसे छोड़कर फरार हो गए। वहीं एएसआई का कहना है कि सूचना के बाद में स्पॉट पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया था। तत्काल आरोपी अरबाज को तलाश कर हिरासत में लिया गया। हिरासत में आरोपी अरबाज ने बताया कि वह पूर्व में कई बार आरोपी के गैस्ट हाउस में गर्लफ्रेंड के साथ जा चुका है। कुल्दीप उसकी गर्लफ्रेंड पर बुरी नजर रखता था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। रूम वह बर्थ डे सेलीब्रेशन के लिए लेना चाहते थे।
शराब पीने के लिए रूम नहीं देने पर गैस्ट हाउस में घुसे पांच युवकों ने मैनेजर को चाकू से गोदा