अलीगढ़ में तनावपूर्ण शांति गिरफ्तार किये गए 26 लोग रिहा

अलीगढ़,अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में रविवार रात हुए उपद्रव के बाद मंगलवार को तनावपूर्ण शांति रही। विश्वविद्यालय को पांच जनवरी तक बंद किए जाने के बाद छात्रावास खाली करने की कवायद सोमवार पूरी रात जारी रही और करीब 11500 में से लगभग 9500 छात्र हॉस्टल छोड़कर अपने घर रवाना हो गए हैं। वहीं दूसरी ओर एएमयू हिंसा मामले में गिरफ्तार किए गए 26 लोगों को सोमवार देर रात निजी मुचलके पर रिहा किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश कुलहरि के मुताबिक रिहा किए गए इन 26 लोगों में से सिर्फ आठ ही एएमयू के छात्र हैं। बाकी बाहरी लोग हैं। एएमयू के प्रॉक्टर अफीफउल्ला ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के इलाकों में व्याप्त तनाव के मद्देनजर हमने जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह से गिरफ्तार छात्रों को रिहा करने की गुजारिश की थी, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। रविवार को एएमयू परिसर से शुरू हुआ बवाल सोमवार को शहर के अति संवेदनशील अपर कोर्ट समेत कई इलाकों में फैल गया था। कल रात करीब 5000 लोगों की भीड़ कोतवाली के बाहर पहुंच गई और गिरफ्तार किए गए एएमयू छात्रों की रिहाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने संशोधित नागरिकता कानून को भी खत्म करने की मांग दोहरायी। प्रदर्शनकारियों में बड़ी संख्या में बुर्का नसीम महिलाएं शामिल थीं। हालांकि आधी रात के वक्त शहर मुफ्ती खालिद हमीद के प्रदर्शनकारियों की मांगों को प्रशासन के सामने रखने के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
विदित हो कि संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ देश के विभिन्न हिस्सों में जारी प्रदर्शनों के बीच अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में भी रविवार देर रात बड़ी संख्या में छात्र और पुलिसकर्मी आमने-सामने आ गए थे। छात्र पुलिस संघर्ष में 20 पुलिसकर्मियों और विश्वविद्यालय सुरक्षाकर्मियों समेत 70 लोग घायल हो गये थे। घायलों में अलीगढ़ के पुलिस उपमहानिरीक्षक परमिंदर सिंह और पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिषेक भी शामिल हैं। एएमयू प्रशासन ने सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा कि अराजक तत्वों की वजह से रविवार रात परिसर का माहौल खराब हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *