लखनऊ, सर्द पछुआ हवाओं ने ठण्ड का प्रकोप बढ़ा दिया है। गलन के कारण उत्तर प्रदेश के अनेक इलाकों में ठिठुरन भरी सर्दी पड़ रही है। राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में मंगलवार को बदली छायी रही। इस दौरान तेज हवा चलने से ठिठुरन खासी बढ़ गयी। आंचलिक मौसम केन्द्र के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने बताया कि आसमान में बादल नहीं बल्कि घना कोहरा छाया है, इसीलिये धूप नहीं निकल रही है। अभी दो दिन तक ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि दो दिन बाद खिली धूप निकलने से राहत मिलेगी, मगर उसके बाद ठण्ड और बढ़ जाएगी। इस बीच मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अनेक मण्डलों में तापमान में खासी गिरावट आयी। इस दौरान बरेली, मेरठ, झांसी और आगरा मण्डलों में दिन के तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गयी। पिछले 24 घंटों के दौरान आगरा, गोरखपुर, फैजाबाद, इलाहाबाद, कानपुर, लखनऊ, बरेली, झांसी तथा मेरठ मण्डलों में भी दिन का तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में कुछ स्थानों पर शीतलहर चलने का अनुमान है। इस अवधि में मौसम आमतौर पर सूखा रहने की भी सम्भावना है।
यूपी में सर्द हवाओं से बढ़ी गलन भरी ठिठुरन