नई दिल्ली,लेफ्टिनेंट जनरल मनोज मुकुंद नरवणे देश के नए सेना प्रमुख होंगे, उन्हें चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ नियुक्त किया गया है। वे वर्तमान सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत की जगह लेंगे। सेना प्रमुख रावत 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
सितंबर में उप थल सेनाध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने से पहले नरवणे सेना की पूर्वी कमान (भारत की चीन के साथ लगभग 4,000 किमी की सीमा) की कमान संभाल रहे थे। नरवणे जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय राइफल्स बटालियन और पूर्वी मोर्चे पर इन्फेंट्री ब्रिगेड की कमान संभाल चुके हैं। नरवणे को श्रीलंका और म्यांमार में कार्य का अनुभव भी है।
एनडीए से पासआउट
नरवणे एनडीए और भारतीय सैन्य अकादमी से पासआउट हैं। नरवणे का कमीशन जून, 1980 में सिख लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंट की 7वीं बटालियन में हुआ था। उन्हें सेना मेडल भी मिल चुका है। उन्हें नागालैंड में महानिरीक्षक असम राइफल्स (उत्तर) के रूप में सेवाओं के लिए विशिष्ट सेवा पदक और अति विशिष्ट सेवा पदक भी मिल चुका है।
लेफ्टिनेंट जनरल नरवणे को बनाया गया देश का नया सेना प्रमुख