लालू परिवार में लगातार दूसरे साल भी नहीं मनाई जा रही छठ पूजा

पटना, छठ व्रतियों के नहाय-खाय की विधि करने के साथ ही आज यानी गुरुवार से छठ पर्व की विधिवत शुरुआत हो जाएगी। परंतु इस दौरान लगातार दूसरे वर्ष भी लालू-राबड़ी के घर पर छठ पूजा नहीं होगी। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने खुद बताया कि वो व्यक्तिगत कारणों से इस बार भी छठ पूजा नहीं कर रही हैं। दरअसल, राबड़ी देवी के घर होने वाला छठ पर्व हर साल सुर्खियों में रहता है, परंतु कई तरह की मुश्किलों से जूझ रहे लालू-राबड़ी के घर इस बार भी सन्नाटा पसरा रहेगा।
बता दें कि पिछले साल (2018) में लालू यादव के जेल में रहने के कारण भी राबड़ी देवी ने छठ पूजा नहीं की थी। इस बार भी वो जेल में हैं, जबकि उनके दोनों बेटे तेजस्वी यादव और तेजप्रताप यादव भी पिछले कुछ दिनों से पटना से बाहर हैं। वहीं, राबड़ी देवी की सेहत भी ठीक नहीं रह रही है। साथ ही लालू परिवार तेजप्रताप यादव की पत्नी ऐश्वर्या राय से तलाक की जिद के कारण भी परेशान है।
बता दें कि आखिरी बार राबड़ी आवास पर वर्ष 2017 में छठ पूजा की गई थी। इस समय तक परिवार के मुखिया और आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव भी परिवार के साथ थे। साल 2017 में 25 अक्टूबर को घर के अंदर बने कुंड पर राबड़ी देवी समेत परिवार के सभी सदस्यों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पण किया था। इस दौरान सबसे पहले लालू यादव ने खुद अस्त होते सूर्य को अर्घ्य दिया था, जिसके बाद तेजस्वी यादव, तेजप्रताप यादव, मीसा भारती और अन्य बहनों ने भी भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया था। बहरहाल राबड़ी देवी के इस साल भी छठ पूजा नहीं करने के फैसले से लोगों को बिहार के सबसे प्रसिद्ध लोकपर्व का उत्सव उनके पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगले में देखने को नहीं मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *