मुंबई, महाराष्ट्र की एक भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की अधिकारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के खिलाफ ट्वीट कर विवादों में आ गई है. दरअसल 17 मई को निधि चौधरी नाम की आईएएस अधिकारी ने एक विवादित टिप्पणी की, जिसमें लिखा था कि हम गांधी की 150 वीं जयंती मना रहे हैं, इससे बढ़िया क्या मौका हो सकता है कि हम अपने नोटों से उनकी तस्वीर हटा दें. दुनिया भर से उनकी मूर्तियां हटा दें. उनके नाम से रखी गई संस्थाएं और सड़कों के नाम बदल दें, ये हम सभी की ओर से उन्हें असली श्रद्धांजलि होगी, 30 जनवरी 1948 के लिए थैंक्यू गोडसे.”जब इस ट्वीट के लिए निधि चौधरी की खूब आलोचना होने लगी तब उन्होंने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया है, लेकिन राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने उन्हें नौकरी से निलंबित करने की मांग की है. एनसीपी नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि गांधी जी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी के लिए हम तुरंत निधि चौधरी के निलंबन की मांग करते हैं, उन्होंने नाथुराम गोडसे को महिमामंडित किया है, इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है.” इस ट्वीट पर विवाद होने के बाद निधि चौधरी ने इसे डिलीट कर दिया. निधि ने एक दूसरे ट्वीट में लिखा, “17 मई के अपने ट्वीट को मैंने डिलीट कर दिया, क्योंकि कुछ लोग इसे गलत समझ गए. अगर वो 2011 से मेरे टाइमलाइन को फॉलो किए हुए होते तो वे समझते कि मैं गांधी जी का अनादर करने की सोच भी नहीं सकती हूं, मैं उनके सामने पूरी श्रद्धा से सर नवाती हूं और अपनी आखिरी सांस तक ऐसा करती रहूंगी.” आपको बता दें कि निधि चौधरी 2012 बैच की आईएएस अधिकारी हैं. इस वक्त वह मुंबई महानगरपालिका में कार्यरत हैं. इससे पहले वह सहायक कलेक्टर रह चुकी हैं.
थैंक्यू गोडसे, महिला आईएएस अफसर ने नोटों से महात्मा गाँधी की फोटो हटा कर उन्हें श्रद्धांजलि देने को कहा