जबलपुर, टमाटर चोरी के मामूली विवाद पर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना पनागर थाना क्षेत्र के टगर महगवां गांव की है। दरसल रात के अंधेरे में टमाटर चोरी करने गए चोर को खेत मालिक ने रंगे हाथों पकड़ लिया। इस दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। चोर ने खेत मालिक पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी हत्या को अंजाम देकर खुद थाने पहुंच गया। उसने हत्या की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद खेत पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
पनागर पुलिस ने बताया कि टगर महगवां निवासी राजेन्द्र कुशवाहा उम्र 40 वर्ष ने अपने खेत में टमाटर की फसल लगाई थी। बीती रात करीब 11 बजे राजेन्द्र अपने खेत पर मौजूद था। इसी दौरान उसे किसी के आने की आहट सुनाई दी। वह आहट की तरफ गया तो देखा एक व्यक्ति उसके खेत में टमाटर तोड़ रहा है। वह टमाटर तोड़कर बोरी में भर रहा था। टमाटर तोड़ रहा व्यक्ति कोई और नही बल्कि उसी के गांव का चक्रेश पटेल था। खेत मालिक को देख चक्रेश पटेल सकपका गया।
कुल्हाड़ी के वार से हत्या
चोरी पकड़े जाने के डर के कारण चक्रेश ने राजेन्द्र से विवाद शुरू कर दिया। इस दौरान चक्रेश ने कुल्हाड़ी से राजेन्द्र के सिर पर वार किया। जिससे राजेन्द्र की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद चक्रेश को कुछ नहीं सूझ रहा था। वह कुछ देर खेत में ही बैठा रहा। इसके बाद उसने थाना पहुंचकर हत्या करने की जानकारी दी। पुलिस ने चक्रेश को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हत्या का कोई और कारण तो नहीं
टमाटर चोरी के मामूली विवाद पर हत्या की बात पुलिस के गले नहीं उतर रही है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मृतक राजेन्द्र कुशवाहा का चक्रेश को कोई पुराना विवाद तो नहीं था। पुलिस को जांच में यह भी पता चला है कि पहले भी राजेन्द्र के खेत से टमाटर चोरी हुए थे। जिसके चलते वह देर रात तक खेत में तकवाली करने रुकता था।
बढ़े हुए हैं टमाटर के दाम
बाजार में टमाटर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। मंडी में टमाटर 30 से 40 रुपए प्रति किलो बिक रहा है। यही टमाटर सामान्य बाजार में 50 से 60 रुपए किलो है। यही कारण है कि राजेन्द्र के खेत में टमाटर चोरी होने का मामला सामने आया। कहा जा रहा है कि बिना मेहनत के रुपए कमाने के लिए आरोपी ने टमाटर चोरी का प्लान बनाया था, जो राजेन्द्र के पहुंचने से फेल हो गया।
टमाटर चोरी के विवाद पर खेत मालिक की कुल्हाड़ी मारकर हत्या