भाजपा अपनी सरकार का हिसाब-किताब देने के बजाय झूठे आरोप लगा रही -कमलनाथ

भोपाल, मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा द्वारा आज राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जारी आरोप पत्र को झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा कि बड़ा ही शर्मनाक है कि जिन लोगों ने अपनी 15 वर्ष की राज्य सरकार का व केंद्र की 5 वर्ष की सरकार का आज तक हिसाब किताब नहीं दिया, वह कांग्रेस की करीब 4 माह की प्रदेश सरकार पर झूठे आरोप लगा रहे हैं।
इस पूरे आरोप पत्र में एक भी आरोप सच नहीं है, सभी आरोप झूठ से परिपूर्ण है। जितनी बातें कही गई हैं सब झूठ है। अच्छा लगता भाजपा इस आरोप पत्र में कोई सच्चे आरोप सामने लाती, हमारी कोई नाकामयाबी सामने लाती तो हमें उसे सुधारने का मौका मिलता।
भाजपा इस आरोप पत्र में कह रही है कि अभी तक एक भी किसान का कर्ज माफ नहीं हुआ। किसी को भी कर्ज माफी के प्रमाण पत्र नहीं मिले। यह इनका अब तक का सबसे बड़ा झूठ है। करीब 21 लाख किसानों का कर्ज माफ हो चुका है।उनके खाते में कर्ज माफी की राशि पहुंच चुकी है और उन्हें कर्जमाफी के प्रमाण पत्र भी जारी हो चुके हैं।
भाजपा हमारे एक और निर्णय 2 लाख तक के कृषि उपकरणों पर 50 प्रतिशत सब्सिडी के निर्णय पर भी सवाल उठाकर झूठ परोस रही है।
बिजली को लेकर भी आरोपपत्र में झूठे आरोप लगाए गए हैं। बिजली संकट की बात की गयी है। जबकि प्रदेश में बिजली सरप्लस उपलब्ध है। प्रदेश में बिजली का कोई संकट नहीं है। हम डिमांड की शत-प्रतिशत पूर्ति कर रहे हैं। इस आरोप पत्र में 10 हार्स पावर तक के किसानों के बिजली के बिल हाफ के हमारे निर्णय पर झूठ परोसा गया है। उनके यह आरोप भी झूठे हैं।
– युवा स्वाभिमान योजना के तहत हम शहरी युवाओं को 100 दिन के रोजगार देने का काम कर रहे हैं। हमने अपनी उद्योग नीति में परिवर्तन कर 70 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की शर्त रखी है। उसको लेकर भी इस आरोप पत्र में झूठ परोसा गया है।
– पिछड़े वर्ग के आरक्षण को हमने 14 प्रतिश से बढ़ाकर 27 प्रतिशत किया है। उसको लेकर हम दृढ़ संकल्पित है। उसको लेकर भी आरोप पत्र में झूठ परोसा गया है।
– सार्वजनिक वितरण प्रणाली को हमने निष्पक्ष, पारदर्शी और मजबूत बनाया है।
– भाजपा के आरोप पत्र में लिखा गया है कि हमने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि को बढ़ाकर जो दोगुना किया गया है। उसका लाभ अभी तक हितग्राहियों को नहीं मिला है। उनके खाते में राशि नहीं पहुंची है। जबकि सच्चाई यह है कि अप्रैल माह से ही सभी हितग्राहियों के खातों में राशि पहुँचना शुरू हो गई है।उनका यह आरोप भी झूठा है।
– कन्या विवाह की राशि जिसे हमने 28 हजार से बढ़ाकर 51 हजार किया है। उसको लेकर भी इस आरोप पत्र में यह झूठ परोसा गया है कि इसका लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है। जबकि इसका लाभ लोगों को निरंतर मिल रहा है।
– हमारे वचन पत्र के वादे कि हम गरीबों को प्रतिमाह 4 किलो दाल देंगे को लेकर भी झूठे आरोप लगाए गए हैं। जबकि वास्तविकता यह है कि उसको लेकर केंद्र सरकार हमें अनुमति प्रदान नहीं कर रही थी। जिसको लेकर हमने लंबी लड़ाई लड़ी और कल ही हमें उसकी अनुमति मिली है। शीघ्र ही इस निर्णय पर भी अमल होगा।
– हमने 1000 गोशाला बनाने का निर्णय लिया है। जिस पर कार्य भी जारी है। उसको लेकर भी इस आरोप पत्र में झूठ परोसा गया है।
– हमने पुजारियों का मानदेय 3 गुना बढ़ाया है। हमने तीर्थ दर्शन योजना के तहत प्रदेश के नागरिकों को प्रयागराज कुंभकी यात्रा कराई है लेकिन इसको लेकर भी इस आरोप पत्र में झूठ परोसा गया है।
– महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सेवाएं, आदिवासी वर्ग की तेंदूपत्ता मजदूरी की राशि में वृद्धि, भावांतर से लेकर आयकर छापों के मामलों को लेकर भी इस आरोप पत्र में झूठे आरोप लगाए गए हैं।
– इस बार हमने गेहूं खरीदी के 600 केंद्र बढ़ाये हैं और आरोप पत्र में खरीदी केंद्र कम करने के झूठे आरोप लगाए गए हैं।
इस तरह से भाजपा का आज जारी आरोप पत्र झूठ का पुलिंदा है। सच्चाई से परे है, जनता को भ्रमित व गुमराह करने वाला है। जनता इसका जवाब चुनाव में देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *