हाथ बांधकर प्रेमी जोड़े ने नर्मदा में लगाई छलांग, मौत

जबलपुर, एक प्रेमी जोड़े ने साथ जीने मरने की कसमें खाते हुए खुद को इस दुनिया से आजाद कर दिया। दोनों ने नर्मदा में छलांग लगा दी। दोंनों का शव सोमवार को पंचवटी घाट के पास किनारे पर मिला। मौके पर शव देख भीड़ लग गई। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि युवक और युवती के हाथ एक दूसरे से बंधे हुए थे।
तिलवारा पुलिस ने बताया कि दोपहर १२:३० बजे के लगभग सूचना मिली कि पंचवटी घाट के किनारे एक युवक-युवती के शव जिनका हाथ दुपट्टे में एक-दूसरे से बंधा था मिले हैं।युवक-युवती की शिनाख्त नहीं हो पाई है। माना जा रहा है कि दोनों एक दूसरे से प्रेम करते थे। शादी नहीं हो पाने की वजह से दोनों ने आत्महत्या की। फिलहाल पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाते हुए जांच शुरू कर दी है।
नहीं हो पाई शिनाख्त
युवक ने जींस, टी शर्ट पहने है, जबकि युवती भी जींस व टॉप पहने है। दुपट्टा दोनों के हाथ में बंधा है, पुलिस का मानना है कि संभवत: इन दोनों ने अपना हाथ एक-दूसरे के साथ बांधकर नदी में कूकर आत्महत्या की है, लेकिन पूरा मामला जांच के बाद व मृतक युगल की शिनाख्ती के बाद ही पता चल सकेगा।
ये माना जा रहा है
प्रेमी युगल का हाथ दुपट्टे से एक-दूसरे के साथ बंधा था, जिसे देखकर लोग यही कह रहे थे कि शायद यह प्रेमी युगल साथ में जिंदगी गुजार नहीं पा रहा था, इसलिए उन्होंने साथ में मरने का संकल्प लेते हुए नदी में छलांग लगा दी। मरने के बाद भी उनका शरीर एक-दूसरे से जुदा न हो, इसलिए युवती के दुपट्टे से दोनों ने अपना हाथ मरने के पहले बांध लिया था।
क्या थी वजह
प्यार में नाकामी या परिवार समाज के बंधनों का रोड़ा था। या फिर कोई और वजह…शायद वो किसी बात से परेशान थे। तभी तो ताउम्र साथ जीने की कसमें खाने वालों ने एक साथ दुनिया को अलविदा कह दिया। हां इतना जरूर है, वे रोए जरूर होंगे इस दुनिया से जाने से पहले। जिंदा थे तब एक दूसरे का हाथ थामे थे, मरने के बाद भी एक दूसरे का साथ न छूटा। लाशों ने भी एक दूजे का हाथ थाम रखा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *