लखनऊ,उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) ने विवेक तिवारी हत्या मामले के तूल पकड़ने के बाद शनिवार देर रात आरोपी सिपाहियों के साथ घटनास्थल पर सीन रिक्रिएशन किया। क्राइम सीन के रिक्रिएशन के बाद विवेक हत्याकांड में कई अनसुलझे सवालों के जवाब सामने आ सकते हैं। गौरतलब है कि निजी कंपनी में काम करने वाली सना अपने मित्र विवेक तिवारी के साथ कार से जा रही थी। उसी दौरान पुलिस बाइक पर सवार होकर गोमतीनगर थाने में तैनात सिपाही प्रशांत चौधरी और एक अन्य सिपाही वहां पहुंचे। दोनों ने कार में एक युवक और युवती को देखा तो मामला संदिग्ध समझ उनसे पूछताछ के लिए कार के पास पहुंचे। इतने में कार चला रहे विवेक तिवारी ने गाड़ी चला दी। आरोप है कि पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो युवक ने कार चढ़ाने की कोशिश की। इससे सिपाहियों को चोट आई और उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। इस पर भी जब कार नहीं रुकी तो सिपाही प्रशांत चौधरी ने फायरिंग कर दी। गोली सीधे जाकर विवेक के सिर में लगी। कुछ देर बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तत्काल विवेक को लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
विवेक हत्याकांड में आरोपी पुलिसकर्मियों के साथ एसआईटी ने घटना का किया रिक्रिएशन