भोपाल,आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के प्रत्याशियों की आठवीं सूची की घोषणा करते हुए खुरई, चुरहट, उदयपुरा और तेंदूखेड़ा के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की है। आठवीं सूची के 4 उम्मीदवारों के साथ घोषित प्रत्याशियों की संख्या 123 हो गई है। पार्टी जल्द ही अन्य सीटों पर भी अपने उम्मीदवार घोषित करेगी। इससे पहले भोपाल में 26 जून को पहली सूची, ग्वालियर में 6 जुलाई को दूसरी, छतरपुर में 30 जुलाई को तीसरी, भोपाल में 11 अगस्त को चौथी, जबलपुर में 18 अगस्त को पांचवी सूची, उज्जैन में 2 सितंबर को छठवीं सूची और छिंदवाड़ा में 11 सितंबर को सातवीं सूची के उम्मीदवारों की घोषणा की गई थी। पार्टी ने खुरई से सम्मान राजपूत, चुरहट से मनीष कुमार शर्मा, उदयपुरा से भक्तराज रघुवंशी और तेंदूखेड़ा से प्रेम नारायण कौरव को अपना उम्मीदवार बनाया है।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष और आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार आलोक अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा और कांग्रेस को पहचान चुकी है। आम जनता की दुख तकलीफों को दूर करने की न तो इन दोनों ही पार्टियों की नीयत है और न ही इनके पास कोई नीति है। दोनों ही पार्टियां जनता को बांटने की राजनीति कर रही हैं और यह बात अब किसी से छुपी नहीं है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, भ्रष्टाचार, महंगाई, किसानी, बिजली, पानी जैसे मूलभूत मुद्दों पर भाजपा सरकार असफल रही है। वहीं कांग्रेस ने अपने लंबे शासनकाल में इन मसलों को हल करने की दिशा में कोई काम नहीं किया। दूसरी ओर दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार ने जनता के बुनियादी सवालों को महज 3 साल में न सिर्फ हल किया है बल्कि जनता का विश्वास भी अर्जित किया है।
AAP के खुरई, चुरहट,उदयपुरा और तेंदूखेड़ा के प्रत्याशी घोषित