भारतीय महिला कबड्डी टीम ने थाईलैंड को हराकर दर्ज की दूसरी जीत

जकार्ता,एशियाई खेलों में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। भारतीय महिलाओं ने सोमवार को ग्रुप ए मुकाबले में थाईलैंड को 33-23 से हराया। भारतीय टीम ने दो बार थाई टीम को ऑल आउट किया और पांच बोनस अंक जीते।
भारतीय टीम ने पहले मैच में जापान को 43-12 से हराया था। इस ग्रुप की अन्य टीमें इंडोनेशिया और श्रीलंका हैं और भारत मंगलवार को अगले मैच में पहले श्रीलंका और इसी दिन दूसरे मैच में इंडोनेशिया से खेलेगा।
बास्केटबॉल
भारतीय महिला बास्केटबॉल टीम की लगातार तीसरी हार
भारतीय महिला बास्केटबॉल टीम को एशियाई खेलों में लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय टीम को सोमवार को हुए एक मुकाबले में संयुक्त कोरियाई टीम ने 105-54 से हरा दिया।
भारतीय टीम को इससे पहले चीनी ताइपे ने 61-84 और कजाखिस्तान ने 61-79 से हराया था। यह संयुक्त कोरिया की तीन मैचों में दूसरी जीत है।
कोरिया के खिलाफ इस मुकाबले में भारतीय टीम शुरूआत से ही पिछड़ गयी और उसे पहले क्वार्टर में 12-22 से हार को सामना करना पड़ा। दूसरे क्वार्टर में वह 10-27 से हार गयी जबकि बचे हुए दो क्वार्टर में उसे 17-25, 15-30 से हार का सामना करना पड़ा। भारत की ओर से मधु कुमारी ने सबसे अधिक 14 अंक जबकि जीना सकारिया ने 11 अंक जोड़े।
ताइपे की टीम अभी पूल में सभी तीन मैच जीतकर शीर्ष पर है जबकि संयुक्त कोरिया दूसरे और कजाखिस्तान तीसरे स्थान पर बनी हुई है। भारत पूल में चौथे और इंडोनेशिया पांचवें नंबर पर है। पूल में जापान ने तीन मैचों दो मैच जीते हैं जबकि चीन ने दो मैच खेले हैं और दोनों में जीत दर्ज की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *