राजकोट, मूंगफली कांड को लेकर उस समय हडकम्प मच गया जब इसके मास्टर माइंड मगन झालावाडिया के अन्य एक नेता से बातचीत में पीएम मोदी का दबाव डलवाकर मामले को रफादफा कराने की बातचीत की 3 ऑडियो क्लीप वायरल हो गई. दावा किया जा रहा है कि इस ऑडियो क्लीप में मगन झालावाडिया जूनागढ़ तहसील पंचायत के सदस्य मानसिंह से मामले को रफादफा कराने की बातचीत कर रहे हैं. ऑडियो क्लीप में कहा जा रहा है कि आरोपियों तक पुलिस और प्रशासन नहीं पहुंच पाएगी. ऑडियो क्लीप में मूलुभाई का नाम सामने आया है, जो तहसील भाजपा के नेता हैं. इस क्लीप में जिला भाजपा के प्रमुख किरीट पटेल और सांसद राजेश चूडास्मा द्वारा सिफारिश किए जाने की बात की गई है. मगन झालावाडिया जूनागढ़ तहसील पंचायत के सदस्य मानसिंह को जूनागढ़ जिला भाजपा के प्रमुख और सांसद को फोन कर मामले को रफादफा करने का दबाव डाल रहे हैं. इतना ही नहीं ऑडियो क्लीप में राज्य के कृषि मंत्री आरसी फलदु के नाम का भी उल्लेख है और कहा जा रहा है कि फलदु साहब से कहने पर काम पूरा हो जाएगा. फलदु साहब से कहेंगे तो एफआईआर दर्ज नहीं होगी. इस बीच पुलिस ने आज मगन झालावाडिया के घर छापेमारी की. करघड़ी स्थित मगन झालावाडिया के यहां छापेमारी कर दस्तावेजों की जांच की जा रही है. बता दें कि मगन झालावाडिया सौराष्ट्र वेयरहाउस कॉर्पोरेशन के मैनेजर हैं और वायरल हुई ऑडियो क्लीप यदि सही है तो वही इस पूरे मामले का मास्टर माइंड है.
दूसरी ओर विपक्ष के नेता परेश धानाणी ने मूंगफली कांड को लेकर लगातार चौथे दिन धरना दिया और जहां बारदान जलकर खाक हुए थे, वहां का दौरा किया और आरोप लगाया कि मूंगफली कांड में भाजपा के बड़े नेता संलिप्त हैं तथा इसीलिए सरकार न्यायिक जांच से बचने का प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा मूंगफली कांड का पर्दाफाश होने के बाद मजबूरी में सरकार ने मजदूरों और शिकायतकर्ताओं को कठघरे में खड़ा कर दिया है. इस कांड की छोटी छोटी मछलियों को पकड़ा गया, जबकि मगरमच्छ खुले घूम रहे हैं. धानाणी ने कहा कि चार हजार करोड़ के मूंगफली कांड की मलाई केन्द्र की मोदी सरकार या राज्य की रूपाणी सरकार ने खाई है, इसका जवाब आज नहीं तो कल गुजरात की जनता को देना पड़ेगा.
मूंगफली कांड के मास्टर माइंड मगन झालावाडिया के यहाँ छापा, ऑडियो क्लीप आने से हडकम्प