इस्लामाबाद,पाकिस्तान में सत्तारूढ़ पार्टी पीएमएल-एन के प्रमुख नवाज शरीफ ने चुनाव अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि उनकी पार्टी किसी भी राजनीतिक पार्टी के खिलाफ नहीं, बल्कि उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में सत्ता से बेदखल करने वाली ‘छिपी ताकतों’ के खिलाफ चुनाव लड़ेगी। पीएमएल-एन ने एक करोड़ लोगों की आबादी वाले पंजाब प्रांत में अपने चुनाव अभियान के पहले चरण की शुरुआत की। मई के पहले दो हफ्ते में नवाज की पार्टी पूरे प्रांत में 13 रैलियां करेगी। शरीफ ने मंगलवार को लाहौर से करीब 100 किलोमीटर दूर साहिवाल में पीएमएल-एन की पहली रैली को संबोधित करते हुए कहा, आने वाले आम चुनावों में हमारा मुकाबला आसिफ अली जरदारी की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी या इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ जैसी किसी राजनीतिक पार्टी से नहीं, बल्कि छिपी ताकतों से होगा। पीएमएल-एन को उन साजिश करने वालों को पराजित करना है, जो बैलेट पेपर का सम्मान नहीं करती हैं। उन्होंने कहा, हमारा मुकाबला उन ताकतों से है, जो जमीन पर दिखाई नहीं देतीं, लेकिन देश में हर शख्स उन ताकतों के बारे में जानता है। अगर कोई इमरान, जरदारी या निर्दलीय उम्मीदवार को वोट करता है तो वह वास्तव में उन ताकतों के लिए वोट करेगा। सेना पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, इन ताकतों ने पिछले 70 वर्षों के दौरान पाकिस्तान को नुकसान पहुंचाया है। अब बहुत हो गया है। अब हमें बैलेट पेपर और लोगों के जनादेश का सम्मान करके पाकिस्तान को बदलना होगा।
‘छिपी ताकतों’ के खिलाफ चुनाव लड़ेगी नवाज की पार्टी