भोपाल,मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि हर विधायक अपने क्षेत्र में संगठन को मजबूत करे और निष्क्रिय पड़ी इकाईयों को सक्रिय बनाने के सुझाव दे। नाथ ने विधायकों के बीच नारा दिया “किसान बिना दाम के, नौजवान बिना काम के, जनता पूछे मोदी-शिवराज किस काम के|” नाथ अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार कांग्रेस विधायक दल की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कमलनाथ को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष और ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रचार अभियान समिति का अध्यक्ष बनाने पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव रखा जो सर्वसम्मति से पारित किया गया।
कमलनाथ ने कहा कि हमारा मुकाबला साजिश, षडयंत्र और धन-बल से है, इसलिए हमें अपने नीचे की जमीन को मजबूत बनाना है ताकि कोई भी प्रपंच जनता को गुमराह न कर सके और हमारी जीत को प्रभावित न कर सके। नाथ ने कहा कि हमें पड़ोस की सीटों पर भी ध्यान देना होगा और अपने तई जो भी संभव हो सहयोग देना होगा| हमारा लक्ष्य सबके साथ मिलकर 2018 में भाजपा के अन्यायी राज से प्रदेश को मुक्त कराना है|श्री नाथ ने कहा कि हर विधायक अपने क्षेत्र में चुनाव जीतने की रणनीति बनाए। अपना क्षेत्र कैसे मजबूत हो इसकी तैयारी करें।
कमलनाथ ने कहा कि हमें आलोचना कम और क्या करेंगे, यह जनता को बताने पर ज्यादा जोर देना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के हित में कैसा घोषणा-पत्र बनाये, इस पर भी विधायक सुझाव दें।
राहुल गांधी के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव पारित
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कांग्रेस विधायक दल की बैठक में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव में कहा कि मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर कमलनाथ एवं चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष पद पर श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की नियुक्ति के निर्णय का कांग्रेस विधायक दल स्वागत करती है।
मंदिर जाने पर भाजपा का कॉपीराइट नहीं
अध्यक्ष पद पर ताजपोशी के दूसरे दिन मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भगवान के दर पर पहुंचे। बुधवार को एक ही दिन में उन्होंने प्रदेश के तीन प्रसिद्ध मंदिरों में पूजा की। भोपाल के गुफा मंदिर, उज्जैन महाकाल व दतिया के पीतांबरा शक्तिपीठ पहुंचे। सबसे पहले कमलनाथ ने भोपाल के गुफा मंदिर पहुंचे। जब वहां पत्रकारों ने उनसे मंदिर पर सवाल किया तो नाथ ने कहा- मंदिर जाने पर भाजपा का कॉपीराइट नहीं है। कमलनाथ ने कहा- मैं धार्मिक व्यक्ति हूं और भगवान के आशिर्वाद से ही प्रदेश में कांग्रेस 2018 में विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करेगी। इसके बाद कमलनाथ उज्जैन के महाकाल और दतिया के मां पीतांबरा पीठ के दर्शन के लिए रवाना हुए।
भगवान सभी के हैं
कमलनाथ ने कहा- भगवान सभी के हैं और भगवान के दरबार में सभी बराबर हैं। गौरतलब है कि गुजरात चुनाव के दौरान कांग्रेस का मंदिर प्रेम जगजाहिर हुआ था, क्योंकि राहुल गांाधी चुनाव से पहले कभी इस तरह मंदिर नहीं गए, लेकिन गुजरात चुनाव के दौरान मंदिर जाने का रिकॉर्ड बना लिया।
हे हैं।
गुजरात का फॉर्मूला मप्र में
गुजरात के विधानसभा चुनावों में राहुल गांधी के मंदिर फार्मूले से कांग्रेस को जबरदस्त फायदा हुआ। कांग्रेस यही फॉर्मूला मध्यप्रदेश में कमलनाथ के जरिये आगे बढ़ाना चाहती है।
सॉफ्ट हिन्दुत्व की छवि
कमलनाथ सॉफ्ट हिंदुत्व वाली छवि वाले इंसान हैं। अपने संसदीय क्षेत्र छिंदवाड़ा में सिमरिया में ऐतिहासिक हनुमान प्रतिमा का निर्माण भी उन्होंने करवाया है।