भिंड में आरक्षक भर्ती के दौरान डॉक्टरों की शर्मनाक हरकत एक ही कमरे में महिला, पुरुषों के कपड़े उतारकर की जांच

भिंड,मध्यप्रदेश के भिंड में जिलें में शर्मनाक वाकया सामने आया है। यह लापरवाही उस वक्त सामने आई है जबकि धार में भी आरक्षक भर्ती के दौरान उम्मीदवारों के सीने पर एससी-एसटी लिख दिया गया था। भिंड जिले में आरक्षक भर्ती के दौरान महिलाओं का मेडिकल चेकअप एक ही कमरे में किया गया जहां पर पुरुष व महिला का चेकअप साथ में पुरुष डॉक्टरों ने ही किया। सबसे शर्मनाक बात तो यह है कि जांच के दौरान पुरुष अर्धनग्न अवस्था में थे और उनके शरीर में कपड़ों के नाम पर सिर्फ चड्डी ही थी। मेडिकल जांच का वीडियो जैसे ही वायरल हुआ तो हड़कंप मच गया। सिविल सर्जन अजीत मिश्रा ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
-डॉक्टर व बाबू सस्पेंड
भिंड कलेक्टर ईलैया राजा टी ने एक डॉक्टर और मेडिकल बोर्ड के बाबू दिनेश शर्मा को सस्पेंड कर दिया है। मेडिकल बोर्ड में प्रत्याशियों की जांच करने वाले डॉ. आरके अग्रवाल के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के लिए संभागायुक्त को लिखा है। साथ ही डॉ. विनोद वाजपेयी को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा गया है। सीएमएचओ ने जांच के बाद एसपी को भेजी गई रिपोर्ट में दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई करने को कहा है।
कोई महिला जांचकर्ता मौजूद नहीं
महिलाओं की जांच के लिए वहां कोई महिला डॉक्टर या नर्स मौजूद नहीं थी।
जांच के दौरान महिला प्रत्याशियों को बेहद असुविधा का सामना करना पड़ा।
-धार : एससी/एसटी लिखने पर दो सस्पेंड
धार जिले में आरक्षक भर्ती के दौरान सीने पर एससी-एसटी लिखने के मामले में दो और पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। बटालियन के एएसआई तेजराम मरकाम और हेड कांस्टेबल नारायण सिंह गौतम को निलंबित किया गया है। जिला पुलिस बल के निरीक्षक नानूराम वर्मा और एसएएफ दल के उप निरीक्षक नानूराम मोवेल को पहले ही गृहमंत्री ने निलंबित कर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *