रायपुर,सीबीएसई ने शैक्षणिक सत्र 2018-19 में प्रवेश के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। नये शैक्षणिक सत्र में प्रवेश संबंधी कुछ नये नियम भी बनाये गये हैं। इन नियमों के अनुसार ही सीबीएसई को छात्रों को प्रवेश देना होगा। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबंधित स्कूलों में बगैर आधारकार्ड के विद्यार्थियों का नामांकन नहीं होगा। स्कूलों में प्रत्येक छात्र के पास आधारकार्ड होना व स्कूल के पास हर छात्र के आधारकार्ड की पूरी डिटेल रखना अनिवार्य कर दिया गया है। नये सत्र से सख्ती से इस नियम को लागू करने का आदेश है। ऐसा न करने पर स्कूलों पर कार्रवाई की जायेगी। यही नहीं, स्कूलों को हर विद्यार्थी के आधारकार्ड की डिटेल बोर्ड को देने कहा गया है। स्कूलों को प्रवेश प्रक्रिया को कैशलेस बनाने के भी निर्देश दिये गये हैं। स्कूलों से कहा गया है कि फीस जमा के लिए आने वाले अभिभावकों के लिए पेटीएम, ईबैकिंग और इस तरह की अन्य सुविधायें दी जायें।