मुकुल राय ने ममता पर साधा निशाना, छोड़ी तृणमूल कांग्रेस

नई दिल्ली,तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से निलंबित नेता मुकुल रॉय ने पार्टी और अपनी राज्य सभा सीट छोड़ दी है। इसके बाद उनके भाजपा में शामिल होने की संभावना हैं। कभी ममता के साथ मिलकर तृणमूल कांग्रेस की बुनियाद रखने वाले मुकुल ने पार्टी छोड़ने के बाद अपनी पूर्व नेता पर जमकर निशाना साधा और उनको वंशवाद को आगे बढाने वाला करार दिया। बीते २५ सितंबर को मुकुल ने एलान किया था कि दुर्गा पूजा के बाद वह पार्टी छोड़ देंगे जिसके बाद उनको ‘पार्टी विरोधी गतिविधियों’ को लेकर छह साल के लिए निलंबित किया था। मुकुल ने कहा कि उन्होंने भाजपा को कभी भी सांप्रदायिक पार्टी नहीं माना। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि पार्टी में हर कोई कामरेड होता है और कोई नौकर नहीं होता है। एक व्यक्ति वाले हर राजनीतिक दल में इस तरह की समस्या है। एक व्यक्ति केंद्रित राजनीति देश में हर राजनीतिक दल के लिए खराब है।
वह राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू को इस्तीफा सौंपने के बाद बोल रहे थे।ममता का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि पार्टी छोड़ने की एक वजह वंशवाद की राजनीति है। उन्होंने कहा कि वंशवादी शासन जैसे मुद्दों को उठाने के लिए तृणमूल कांग्रेस में कोई माहौल नहीं है।’’ तृणमूल कांग्रेस ने मुकुल के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह खुद को सीबीआई से बचाने के लिए भाजपा के एजेंट के तौर पर काम रहे हैं। पार्टी नेता पार्थ चटर्जी ने कहा कि वह इस तरह के निराधार आरोप अब क्यों लगा रहे हैं? अगर वह पार्टी के फैसलों के इतने खिलाफ थे तो वह बहुत पहले अलग हो जाते। उनको किसने रोका था? सच्चाई यह है कि वह भाजपा को खुश करने के लिए आरोप लगा रहे हैं ताकि वह उनको शामिल कर ले।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *