गुजरात में कांग्रेस की सरकार बनी तो महिला होगी मुख्यमंत्री : राहुल गांधी

सुरेन्द्रनगर,गुजरात यात्रा के तीसरे दिन चोटीला के चौबारी गांव में महिलाओं से वार्तालाप करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि गुजरात में कांग्रेस सत्ता में आई तो मुख्यमंत्री महिला होगी| राहुल गांधी ने सुबह चोटीला स्थित चामुंडा माता के दर्शन किए और उसके बाद चौबारी गांव की महिलाओं की समस्याएं सुनीं| भाजपा और संघ पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि संघ महिलाओं को घरेलू कार्य में लगाए रखना चाहती है, जबकि कांग्रेस महिलाओं के हाथ में सत्ता की कमान सौंपना चाहती है| राहुल गांधी ने युवा रोजगार किसान अधिकार यात्रा के तहत आज आणंदपुर, बाखलवड, जसदण इत्यादि गांवों का दौरा किया|
गौरतलब है कि राहुल गांधी की नवसर्जन यात्रा पिछले दो दिन से गुजरात में चल रही है, जिसमें राहुल गांधी भाजपा को टार्गेट कर रहे हैं| गुजरात कांग्रेस के लिए भी राहुल गांधी की यह यात्रा काफी महत्वपूर्ण है| चोटीला से राहुल गांधी कागवड स्थित खोडलधाम के दर्शन करेंगे और पाटीदार अग्रणियों से मिलने के बाद एक जनसभा को संबोधित करेंगे| मंगलवार को जामनगर में राहुल गांधी का पाटीदारों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया था| मंगलवार को ही सरकार और पाटीदारों के बीच बैठक हुई थी| बैठक में आरक्षण के मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं होने से पाटीदारों में सरकार के खिलाफ नाराजगी बरकरार है| जिससे कागवड में राहुल गांधी की जनसभा गुजरात कांग्रेस के साथ ही पाटीदारों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *