लखनऊ, लखनऊ में समाजवादी पार्टी का आठवां राज्य अधिवेशन शुरू हो गया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तिरंगे की बजाय समाजवादी पार्टी का झंडारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान भी हुआ। इसमें मुलायम सिंह यादव शामिल नहीं हुए। इसकी वजह पिता-पुत्र के बीच का तनाव माना जा रहा है। खबर यह भी है कि मुलायम ने अखिलेश से राजनीतिक रिश्ते तोड़ लिए हैं।
माना जा रहा है कि 25 सितंबर को मुलायम सिंह यादव प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कोई नया ऐलान कर सकते हैं। वहीं, अधिवेशन में पार्टी के समर्थकों को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने सूबे की योगी सरकार और केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जीएसटी के बाद व्यापारी बर्बाद हो गये हैं। कर्ज माफी के नाम पर किसानों के साथ मजाक हुआ। इस दौरान अखिलेश यादव को अपने पिता मुलायम सिंह की भी कमी खली। उन्होंने कहा कि नेता जी हमारे पिता हैं और वे हमेशा पिता तो रहेंगे ही, लेकिन अगर वे आशीर्वाद और साथ दें तो आंदोलन और मजबूत होगा। अखिलेश ने कहा कि हमने कम समय में मेट्रो का निर्माण कर दिया, लेकिन बीजेपी की सरकार अब किसी शहर में मेट्रो नहीं शुरू कर पाएगी। गरीब बुजुर्ग महिलाओं के लिये हमने पेंशन शुरू की थी, लेकिन अब उसे बंद कर दिया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की कर्ज माफी करने के नाम पर उनके साथ मजाक हुआ है। किसी को एक पैसे का तो किसी को 20 पैसे का सार्टिफिकेट दे दिया गया। प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में कोई फैसला नहीं लिया। किसानों को कोई सुविधा नहीं दी गई। अखिलेश ने कहा कि गांवों में बिजली के लिये जो स्टेशन बने थे, उनको बंद कर दिया गया। 108 सेवा भी ठप्प कर दी गयी। उन्होंने कहा कि हमने गरीबों की सुविधाओं के लिये 100 नंबर सेवा शुरू की थी, जिसको भी योगी सरकार ने बेकार कर दिया। उत्तर प्रदेश में बडे़-बड़े उद्योग लगाने वाले लोग आ गये थे, लेकिन अब सब कुछ बेकार कर दिया गया। सड़कों के सुधार और विकास के मामले में मौजूदा सरकार बहानेबाजी कर रही है। सपा के प्रदेश अधिवेशन में नरेश उत्तम को दोबारा पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष भी चुना गया। नोटबंदी की घोषणा वाले दिन की याद दिलाते हुए अखिलेश ने कहा कि याद करो वह आठ नवंबर की रात…जब प्रधानमंत्री ने कहा था कि आतंकवाद और भ्रष्टाचार बंद होगा, लेकिन भ्रष्टाचार खत्म नहीं हुआ और न ही आतंकवाद भी।
भाजपा का मुद्दा विकास नहीं, योगी सरकार दे रही है धोखा-अखिलेश