नी‎तिश और सुशील पर एफआईआर दर्ज नहीं हो जाने तक चैन से नहीं बैठेंगे: लालू

पटना, राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद ने कहा कि कथित सृजन घोटाला मामले में बिहार के सीएम नीतीश कुमार और उनके डिप्टी सुशील मोदी के खिलाफ जब तक एफआईआर दर्ज नहीं हो जाती वे चैन से नहीं बैठेंगे। बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता और अपने छोटे पुत्र तेजस्वी प्रसाद यादव, आरजेडी के वरिष्ठ नेता जगदानंद सिंह और शिवानंद तिवारी के साथ पत्रकारों से बात करते हुए लालू ने आरोप लगाया कि नीतीश और सुशील को इस घोटाले की पहले से जानकारी थी। सृजन घोटाले को लेकर भागलपुर जिले में बीते रविवार को आयोजित आरजेडी की रैली को नीतीश के आत्मघाती नुक्कड नाटक’ की संज्ञा दिए जाने पर लालू ने कहा ‎कि उनके आत्मघाती कहने का हमने यही मतलब निकाला है कि वह चेतावनी दे रहे हैं। अब इस चेतावनी में कौन कौन लोगों और तत्वों को इस्तेमाल करेंगे, उसका हम मुकाबला करेंगे।
लालू ने कहा ‎कि हम जनता के प्रतिनिधि हैं और ह​मारी पार्टी विपक्ष में है। जनता जानना चाहती है ‎कि पब्लिक डोमेन में आपको घोटाले का जवाब देना होगा। उन्होंने नीतीश पर इस घोटाले की पहले से जानकारी होने और उसे 27 दिनों तक जनता से छुपाने का आरोप लगाते हुए कहा कि बीती 10 जुलाई को भागलपुर प्रशासन का चेक बैंक से लौटने लगा था और यह सिलसिला 29 जुलाई तक चला।इस मामले को पब्लिक डोमेन में सबसे पहले खुद लाने का दावा करने वाले नीतीश को जनता को यह बताना चाहिए कि उन्होंने 27 दिनों तक इस मामले को छुपाया क्यों।
लालू ने कहा कि नीतीश मर्यादा का पाठ पढ़ाते हैं, ऐसा लगता है जैसे कि वे हमारे हेडमास्टर हैं। हम पॉलिटिकल साइंस के छात्र हैं वे इंजीनियरिंग के विद्यार्थी हैं और ये विद्या तो उन्हें नहीं आती। ये घपला में जो तुम इंजीनियरिंग किये हो, उसमें तो तुमको महारत हासिल है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सरकार नहीं चाहती कि आरजेडी घोटाले को उजागर करे। तेजस्वी ने इस मामले की सीबीआई की निष्पक्ष जांच किए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी पार्टी इसकी जांच की निगरानी के लिए सुप्रीम कोर्ट जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *