अहमदाबाद,भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने वित्त मंत्री अरुण जेटली को गुजरात का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। उधर कांग्रेस ने 2014 लोकसभा चुनाव में पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ वडोदरा सीट से चुनाव लड़ने वाले अपने दिग्गज नेता मधुसूदन मिस्त्री को चुनाव घोषणापत्र समिति का चेयरपर्सन बनाया है। खबर है कि राज्यसभा चुनाव में बाल-बाल बचे अहमद पटेल को इस बार राज्य की राजनीती से अलग ही रखा जाएगा।
भाजपा इस चुनाव को किस गंभीरता से ले रही है, इसका अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि पार्टी ने अपने दिग्गज नेता अरुण जेटली को इस राज्य का चुनाव प्रभारी बनाया है। उनके साथ चार केंद्रीय मंत्रियों की टीम भी बनाई गई है, जो सह प्रभारी के रूप में कार्य करेगी। अमित शाह ने गुजरात के लिए पांच केंद्रीय मंत्रियों को चुनाव की जिम्मेदारी सौंपकर एक तरह से संकेत दे दिया है कि विधानसभा चुनावों को पार्टी बेहद गंभीरता से ले रही है और वह इस जीत के लिए किसी तरह की भी कसर नहीं रहने देगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह दोनों ही गुजरात से आते हैं। ऐसे में इस बार वे राज्य में अपनी मजबूत स्थिति के बावजूद किसी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार गुजरात विधानसभा के चुनाव होने जा रहे हैं इसलिए शाह चाहते हैं कि इस बार यह संदेश जाना चाहिए कि मोदी के पीएम बनने के बाद गुजरात उनके साथ और अधिक जुड़ गया है। ऐसे में पार्टी चाहेगी कि पिछली बार के मुकाबले कहीं अधिक सीटें बीजेपी की झोली में आएं। पार्टी ने इसी वजह से जेटली के साथ चार सहप्रभारी बनाए हैं, वे भी चारों केंद्रीय मंत्री हैं। इनमें नरेंद्र सिंह तोमर, निर्मला सीतारमण, डॉ. जितेन्द्र सिंह और पी.पी. चौधरी शामिल हैं।
गुजरात विस चुनाव के इंचार्ज होंगे जेटली