हीरोइन से रेप की कोशिश में एक्टर- डायरेक्टर गिरफ्तार

हैदराबाद,एक महिला एक्टर की शिकायत के बाद तेलुगू फिल्म के एक्टर सृजन और डायरेक्टर चलापथी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां कोर्ट ने दोनों को 14दिन के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया। इसके बाद उन्हें विजयवाड़ा उप-जेल भेज दिया गया। दरअसल तेलुगू फिल्म की महिला एक्टर ने 15 अगस्त को पातामाता पुलिस स्टेशन में एक्टर और डायरेक्टर के खिलाफ रेप की कोशिश का मामला दर्ज कराया था। महिला एक्टर ने मीडिया को बताया कि उन्हें फिल्म की शूटिंग के लिए 13 अगस्त को हैदराबाद से भीमावरम जाना था, इसके लिए उसे ट्रेन पकड़नी थी। एक्टर सृजन और डायरेक्टर के जोर देने पर वो कार से चलने के लिए तैयार हो गई। महिला एक्टर ने बताया कि जैसे ही कार विजयवाड़ा पहुंचीं, दोनों ने उसके साथ बदसलूकी शुरू कर दी और विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट भी की। महिला एक्टर ने पूरी घटना के बारे में बताते हुए कहा कि दोनों ने उसे कार की पीछे की सीट पर फेंक दिया था, ताकि वो कार से निकल ना सके। इसी चक्कर में उनकी कार लॉरी से टकरा गई, जिसके बाद वो वहां से किसी तरह बचकर निकली। उन्होंने अपने दोस्तों को इस पूरी घटना के बारे में जानकारी दी और पुलिस में इसकी शिकायत की। महिला एक्टर ने बताया कि दोनों आरोपियों ने इस मामले की पुलिस में शिकायत नहीं करने के लिए उसे धमकाया था और शिकायत करने की सूरत में फिल्मी करियर बर्बाद करने तक की धमकी दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *