बसपा ट्विटर पर पोस्ट पोस्टर को बसपा ने बताया फर्जी

लखनऊ, उप्र की राजनीति में चर्चा का विषय बने एक पोस्टर से बहुजन समाज पार्टी ने किनार कर लिया है। साथ ही पार्टी ने इस पोस्टर को फर्जी करार दिया है। ट्विटर पर पोस्ट किए गए इस पोस्टर में मायावती के साथ अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, लालू प्रसाद यादव, शरद यादव, ममता बनर्जी और सोनिया गांधी दिख रही हैं। पोस्टर को बसपा के कथित रूप से ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया गया था।
बीएसपी महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने आधिकारिक बयान जारी कर इस पोस्टर को फर्जी बताया है। इसके साथ ही श्री मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि बीएसपी का आधिकारिक ट्विटर अकाउंट नहीं है। ऐसे में बीएसपी के ट्विटर हैंडल के नाम से पोस्टर जारी करने का प्रश्न ही नहीं उठता है। इसलिए ट्विटर के माध्यम से जारी किए गए पोस्टर और उससे संबंधित खबरें गलत व मिथ्या प्रचार हैं। बसपा उस ट्वीट का खंडन करती है। यह भी कहा गया कि बसपा अधिकतर हिंदी में प्रेस नोट जारी करती है जिससे वह अपनी बात विस्तार से मीडिया तक पहुंचा सके और यह सुविधा ट्विटर पर उपलब्ध नहीं है। यह भी कहा गया कि पोस्टर से हवाले से जो खबर बनाई गई है वह गलत और शरारतपूर्ण है। बसपा की नीति व सिद्धांत ‘सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय’ की नीति है जबकि इस पोस्टर में ‘बहुजन हिताय बहुजन सुखाय’ का नारा लिखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *