खरीदकर लाया गया भूत करता है परेशान, दहशत में पूरा गांव

मण्डलाबीजाडांडी,एक ऐसे गांव की कल्पना कीजिए जहां गांव का एक व्यक्ति कहीं से भूत खरीदकर लाता है इस भूत को किस बाजार से खरीदा गया और इस पर कितने प्रतिशत जीएसटी लगा यह तो हम नहीं बता सकते पर गांव वाले कह रहे हैं कि भूत खरीदकर लाया गया है यह खरीदकर लाया गया भूत गांव में खुला छोड़ दिया गया है और यह भूत कभी सांप बनकर लोगों को डस लेता है जिससे उनकी मौत हो जाती है या जो इस सांप को देख लेता है उसे देखने मात्र से ही जहर चढ़ जाता है। यह भूत सांप के ही अवतार में नहीं रहता बल्कि तरह तरह के रूप बदलता रहता है। कभी यह भूत के रूप में रहकर ही लोगों के घरों के दरवाजे खटखटाता है तो कभी जंगल के समीप जाकर अजीब अजीब तरह की आवाजें निकालता है। यह भूत कभी गांव के मवेशियों को बीमार कर देता है तो कभी मवेशी का रूप लेकर ही लोगों को डराता है। गांव के लोग भी इसी भूत की वजह से बीमार पड़ रहे हैं। इस भूत से पूरा गांव डरा हुआ है और दहशत में जी रहा है। पुलिस के पास जाकर भूत से सुरक्षा की मांग की गयी है, पता नहीं पुलिस भूत को कैसे पकड़ पायेगी या गांव वालों को कैसे सुरक्षा दे पायेगी पर खरीदकर लाया गया यह भूत डरा भी रहा है और मार भी रहा है। यह कल्पना आपको भी वास्तविकता के दायरे से काफी बाहर जाती हुई प्रतीत हो रही होगी पर यह कल्पना नहीं बल्कि हमारे मण्डला जिले के विकासखण्ड बीजाडांडी के एक गांव की ताजा तरीन हकीकत है। बीजाडांडी विकासखंड मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत पाठा चौरई के पोषक ग्राम डगला जमुनिया में भूत की दहशत लोगों को जीने नहीं दे रही है। डरे सहमे ग्रामीण किसी तरह इस भूत से अपने आप को बचा रहे हैं। रविवार को गांव की महिलाएं और पुरूष बीजाडांडी थाने पहुंचकर इस घटनाक्रम को बता रहे थे। हमारे संवाददाता राहुल सिसोदिया ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर ग्रामीणों से बात की जिसमें ग्रामीणों ने बताया कि गांव में रहने वाला ओमकार सिंह नाम का एक व्यक्ति कुछ महीने पहले कहीं से एक भूत खरीदकर लाया है जिसे उसने गांव में छोड़ दिया है। यह भूत पिछले कई महीने से गांव के लोगों की जान का दुश्मन बना हुआ है। वह कभी गाय, बैल व भैंस बनकर लोगों को डराता है तो कभी सांप बनकर लोगों को काट लेता है जिसकी वजह से कई लोगों की मौत हो चुकी है। गांव की शांति बाई बताती हैं कि हम पिछले कई महीनों से दहशत के साये में जी रहे हैं घर से निकलने में भी डर लगता है रात के अंधेरे में यह भूत हमारे घरों के दरवाजे खटखटाता है। कुछ दिन पहले इस भूत ने सांप बनकर गांव के एक व्यक्ति को डस लिया जिससे उसकी तत्काल मौत हो गयी और उसी सांप को एक महिला ने देख लिया जिससे उसके शरीर में इस सांप का जहर चढ़ गया । गांव की ही निवासी चन्द्रवती वरकड़े बताती हैं कि गांव में जब से भूत आया है तब से हम लोगों ने खेतों में जाना बंद कर दिया है हमारी गाय भैंसे बीमार रहने लगी हैं और जंगल के पास से दिन रात अजीब अजीब तरह के आवाजें आती हैं। गांव के पूरे लोग दहशत में जी रहे हैं, इस भूत से निजात नहीं मिली तो कुछ भी हो सकता है।
भूत के कारनामे बताने के साथ गांव की इन सारी महिलाओं ने थाने में शिकायत भी दर्ज करायी है कि जल्द से जल्द उस भूत पर शिकंजा कसा जाये साथ ही भूत को खरीदकर लाने वाले ओमकार सिंह के विरूद्ध भी कार्यवाही की जाये एवं ग्रामीणों को भूत की दहशत से बचाने के लिये सुरक्षा प्रदान की जाये। हमारी जिस पुलिस को एक अपराधी पकड़ने के लिये कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है अब उस पुलिस के लिये डगला जमुनिया गांव का भूत पकड़ना एक चुनौती है। जिस भूत को कोई नहीं देख पाता उसे पुलिस कैसे देखेगी और कैसे पकड़ेगी इसके लिये हाई लेवल मीटिंग की जानी चाहिए तमाम तरह की तकनीकों पर विचार करने के साथ भूत को देखने और पकड़ने की तकनीक की मांग सरकार से करनी चाहिए साथ ही ग्रामीण दहशत में न रहें इसलिये ग्रामीणों को सुरक्षा प्रदान करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *