नारायणगंज/(मण्डला),जनपद पंचायत नारायणगंज के बस स्टेण्ड में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। यहां व्यापारियों सहित यात्रियों को हर रोज परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। नारायणगंज बस स्टेण्ड से रोजाना दर्जनों यात्री बसों के अलावा कमाण्डर, जीप, टैक्सी, ऑटो रिक्शा यात्रियों को लाने ले जाने का काम कर रहे हैं। बस स्टेण्ड में गड्ढों की भरमार हैं। सुलभ काम्पलेक्स का अभाव बना हुआ है। अतिक्रमणकारियों के आगोश में बस स्टेण्ड फंसा हुआ नजर आता है। जहां जिसकी मर्जी वहीं ठिलियां, गुमटी आदि का संचालन शुरू कर दिया गया है। यहां यात्री बसों सहित छोटे वाहनों को आने जाने में दिक्कत हो रही है। अव्यवस्थाओं के बीच हादसों का अंदेशा हमेशा बना रहता है। बावजूद इसके जवाबदार इस दिशा में सुधार हेतु प्रयास करने से परहेज कर रहे हैं। जवाबदारों की अनदेखी, उदासीनता के चलते यहां व्याप्त समस्याओं का लोगों को शिकार होना पड़ रहा है। बस स्टेण्ड मार्ग बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुका है। गड्ढों में पानी भरा रहता है। वाहन चालक हिचकोले खाते यहां आना जाना कर रहे हैं। दोपहिया वाहन चालक गड्ढों की वजह से दुर्घटना ग्रस्त हो चुके हैं। नारायणगंज का मुख्य मार्ग होने की वजह से इस मार्ग का उपयोग आवाजाही के लिये सबसे यादा किया जाता है। स्कूली बच्चों का भी इस मार्ग से आना जाना होता है। स्कूली बच्चों को गड्ढों से भरमार कीचड़ से लतपथ इस सड़क से गुजरना बेहद परेशानियों भरा साबित हो रहा है। इसी प्रकार मण्डला-जबलपुर मार्ग से नारायणगंज पहुंचने वाले दोनों तरफ के मार्गों की हालत भी बेहद खराब है। मार्ग लगभग पूरी तरह दलदल में तब्दील हो गये हैं। रैनी सीजन में हो रही बारिश की वजह से ये मार्ग और अधिक खराब हो चुके हैं। कीचड़ से सरोबार सड़क किनारे रहने वाले लोगों को भी बरसात के दिनों में अतिरिक्त परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। हालांकि बस स्टेण्ड में सुलभ कॉम्पलेक्स का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण कार्य की गति अत्यधिक धीमी है, जो कब पूरा होगा कुछ कहा नहीं जा सकता।
कीचड़- गड्ढे-अतिक्रमण है नारायणगंज की पहचान