सिंघार पर क्या कार्रवाई करेंगी प्रियंका बताएं- शर्मा

अहमदाबाद, भारतीय जनता पार्टी के मप्र अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज प्रियंका गांधी से सवाल किया कि क्या वह मध्यप्रदेश की बेटियों को यह बताएंगी कि वे उमंग सिंघार के खिलाफ क्या कार्रवाई करने जा रही हैं? जैसा की पता है कांग्रेस के विधायक और गुजरात चुनाव के सह प्रभारी उमंग सिंघार पर एक बेटी जो कांग्रेस की ही राष्ट्रीय स्तर की नेत्री रही हैं, ने दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है। उन्होंने कहा ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का नारा देने वाली प्रियंका को इस बात का जबाब देना होगा। शर्मा हमदाबाद में जनसंपर्क के दौरान मीडिया से चर्चा कर रहे थे।
शर्मा ने कहा कि उमंग सिंघार के खिलाफ कांग्रेस नेत्री द्वारा केस दर्ज कराने के बाद पुलिस उन्हें खोज रही है। इससे पहले भी एक बहन की हत्या हुई या उसने आत्महत्या कर ली, यह आज तक स्पष्ट नहीं हो सका। उस बहन के परिजन भी न्याय की गुहार लगा रहे हैं। शर्मा ने कहा कि प्रियंका गांधी अगर ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ पर वास्तव में विश्वास करती हैं, तो उनसे प्रदेश की बेटियां, प्रदेश की मातृशक्ति और प्रदेश की जनता यह जानना चाहती है कि वे दुष्कर्म और बेटियों पर अत्याचार करने वाले आरोपी के खिलाफ क्या कार्रवाई करने जा रही हैं? यदि उनका यह नारा सिर्फ राजनीतिक शिगूफा नहीं था, तो उन्हें उमंग सिंघार को जेल भेजने में मदद करके, उसे पार्टी से बाहर करके अपने नारे को चरितार्थ करना चाहिए, बेटियों में न्याय की आस जगानी चाहिए।
‘भारत जोड़ो’ यात्रा देश के साथ बेईमानी है
शर्मा ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के मध्यप्रदेश पहुंचने पर टिप्पणी करते हुए कहा कि मुंह बंद रखकर कान खुले रखना कांग्रेस का कैरेक्टर रहा है, लेकिन राहुल गांधी को उनके कानों तक पहुंच रहे उन सवालों का जवाब देना चाहिए, जो प्रदेश की जनता उनसे पूछ रही है। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की देश तोड़ने में क्या भूमिका रही है, यह सब जानते हैं। इसके बावजूद राहुल गांधी ने अपनी यात्रा को भारत जोड़ो यात्रा नाम दिया है, जो देश के साथ बेईमानी है, जनता की आंखों में धूल झौंकने की कोशिश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *