केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को महाराष्ट्र के अंगमेश्वर में जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान गिरफ्तार किया गया

मुंबई,महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ अपमान जनक टिप्पणी करने के आरोप में केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को आज जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान रत्नागिरी के अंगमेश्वर में गिरफ्तार कर लिया गया। इधर, एक वीडियो में यह दिखाई दिया के जब पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने पहुंची तो वह कुर्सी पर बैठकर खाना खा रहे थे। उनके कार्यकर्ताओं द्वारा पुलिस को रोकने की कोशिश में स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
कार्यकर्ता और राणे भी एक हाथ में थाली लिए पुलिस से उलझते रहे। उनके समर्थक पुलिस को लगातार चेतावनी देते रहे कि मंत्री जी को हाथ नहीं लगाना लेकिन पुलिस का हाथ लगातार केंद्रीय मंत्री की तरफ बढ़ता रहा। काफी मान मनौव्वल के बाद राणे पुलिस के साथ चले गए।
दरअसल, विवाद की शुरुआत तब हुई जब राणे ने दावा किया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ठाकरे भाषण में भूल गए कि देश की आजादी को कितने साल हुए हैं। राणे ने रायगढ़ जिले में सोमवार को ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ के दौरान कहा, ‘‘यह शर्मनाक है कि मुख्यमंत्री को यह नहीं पता कि आजादी को कितने साल हो गए हैं। भाषण के दौरान वह पीछे मुड़कर इस बारे में पूछते नजर आए थे। अगर मैं वहां होता तो उन्हें एक जोरदार थप्पड़ मारता।’’ राणे अपनी इस टिप्पणी के बाद विवादों में घिर गए और शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने कई शहरों में विरोध प्रदर्शन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *