नीरज चौपड़ा ओलिंपिक में पदक जीतने वाले पहले एथलीट, 13 साल बाद उनसे देश को मिला स्वर्ण

टोक्यो, पहलवान बजरंग पूनिया के कांस्य मेडल जीतने के कुछ समय बाद स्टार जेवलिन थ्रो एथलीट नीरज चोपड़ा ने तोक्यो ओलिंपिक में गोल्ड मेडल जीत इतिहास बना दिया। उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 87.58 मीटर का रहा। यह ओलिंपिक में ट्रैक एंड फील्ड से भारत के लिए पहला मेडल है। साथ ही वह ओलिंपिक में इंडिविजुअल स्पोर्ट में गोल्ड जीतने वाले शूटर अभिनव बिंद्रा के बाद दूसरे भारतीय एथलीट बने हैं। यह भारत का तोक्यो में 7वां मेडल भी है।नीरज के गोल्ड के साथ ही भारत ने अपने लंदन ओलिंपिक-2012 के बेस्ट प्रदर्शन 6 मेडल को पीछे छोड़ दिया।
नीरज ने पहले प्रयास में 87.03 मीटर भाला फेंका, जबकि दूसरे प्रयास में 87.58 मीटर रहा। इसके साथ ही नीरज का गोल्ड मेडल जीतना लगभग पक्का हो गया था, क्योंकि वह दोनों ही राउंड में टॉप पर रहे थे। उन्होंने तीसरे प्रयास में 76.79 मीटर थ्रो किया। दूसरे नंबर पर जर्मन एथलीट और गोल्ड मेडल के दावेदार माने जा रहे वी.जकूब ने इस दौरान दूसरा और तीसरा प्रयास फाउल किया और आखिरी प्रयास तक 86.67 मीटर ही भाला फेंक सके। 13 वर्ष पहले अभिनव बिंद्रा ने मीटर एयर रायफल स्पर्धा में भारत को गोल्ड मेडल दिलाकर इतिहास रचा था। वह 11 अगस्त 2008 को बीजिंग ओलिंपिक खेलों की व्यक्तिगत स्पर्धा में स्‍वर्ण पदक जीतकर व्‍यक्तिगत स्‍वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने थे। नीरज ने क्वॉलिफिकेशन राउंड के पहले प्रयास में ही 86.65 मीटर के थ्रो के साथ फाइनल के लिए क्वॉलीफाइ कर भारत की पदक की उम्मीदें बढ़ा दी थीं। नीरज ग्रुप-ए में पहले स्थान पर रहे थे, उसके बाद उनसे सोना लाने की संभावना बढ़ गई थी।
भारत के लिए तोक्यो में मेडल दिलाने वाले एथलीट
वेटलिफ्टर मीराबाई चानू: मणिपुर की 26 साल की वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने तोक्‍यो ओलिंपिक में भारत के लिए पहला सिल्‍वर मेडल जीता। उन्होंने महिलाओं के 49 किग्रा में 202 किग्रा (87 किग्रा+115 किग्रा) भार उठाकर सिल्वर दिलाया।
बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन: भारत की स्टार मुक्केबाज लवलीना बोर्गोहेन को महिला वेल्टरवेट वर्ग (69किग्रा) के सेमीफाइनल में तुर्की की मौजूदा विश्व चैंपियन बुसेनाज सुरमेनेली के खिलाफ शिकस्त के साथ कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
शटलर पीवी सिंधु:सिंधु ने महिला बैडमिंटन के सिंगल्स का कांस्य पदक अपने नाम किया। उन्होंने चीन की ही बिंग जियाओ को 2-0 से हराया था। यह उनका ओलिंपिक में रिकॉर्ड दूसरा मेडल रहा।
पहलवान रवि दहिया: भारतीय पहलवान रवि कुमार दहिया को पुरुष फ्रीस्टाइल 57 किग्रा भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में रूस ओलंपिक समिति (आरओसी) के जायूर उगयेव के हाथों हार का सामना कर रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
पुरुष हॉकी टीम: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जर्मनी को 5-4 से हराकर ऐतिहासिक कांस्य पदक अपने नाम किया। 1980 के बाद यह पहला मौका था जब भारत ने हॉकी में मेडल जीता है।
पहलवान बजरंग पूनिया:पूनिया ने पुरुषों के फ्री स्टाइल 65 किलो वर्ग कुश्ती स्पर्धा का कांस्य मेडल जीतते हुए इतिहास रच दिया। उन्होंने कजाखस्तान के डाउलेट नियाजबेकोव को 8-0 से एकतरफा हराया। इसके साथ ही भारत के पदकों की संख्या 6 हो गई है, जो लंदन ओलिंपिक-2012 के कराबर है।
राष्ट्रपति कोविंद ने दी बधाई
राष्ट्रपति कोविंद ने टवीट कर लिखा, नीरज चोपड़ा की अभूतपूर्व जीत, आपके गोल्ड ने बाधाओं को तोड़ते हुए इतिहास रच दिया, आपने अपने पहले ओलंपिक में भारत को ट्रैक एंड फील्ड का पहला मेडल दिलवाया है। आपसे युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। भारत उत्साहित है, हार्दिक बधाई नीरज।
गोल्ड जीतने पर पीएम मोदी ने दी नीरज को बधाई
पीएम मोदी ने नीरज चोपड़ा को टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड जीतने पर बधाई दी है। पीएम मोदी ने टवीट कर लिखा, आज जो नीरज ने हासिल किया है,उस हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने लिखा कि, टोक्यो में इतिहास रचा गया है! क्या…आज जो हासिल किया है,उस हमेशा याद किया जाएगा। युवा नीरज ने असाधारण रूप से अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने उल्लेखनीय जुनून के साथ खेला और अद्वितीय धैर्य दिखाया। गोल्ड जीतने के लिए उन्हें बधाई।
हरियाणा के छोरे ने लठ गाड़ दिया
नीरज के गोल्ड जीतने पर हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने अपने अंदाज में कहा कि टोक्यो में हरियाणा के छोरे ने लठ गाड़ दिया है।इस मौके पर हरियाणा सरकार की ओर से पूरे देश को बधाई देता हूं। हरियाणा और देश की जनता उमंग भरे अपने अंदाज में खुश है। जैसे ही टोक्यो से सब खिलाड़ी वापस आएंगे, तब 13 तारीख को जश्न मनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *