मप्र में कल से स्कूलों में लगेगी 11-12 वीं की क्लास, 9 से 10 वीं की कक्षाएं 5 अगस्त से होंगी शुरू

भोपाल, मध्य प्रदेश में लंबे इंतजार के बाद 26 जुलाई से स्कूल खुलने जा रहे हैं। स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में प्रदेश के सभी स्कूलों को आदेश जारी कर दिए हैं। कक्षा 11वीं और 12वीं की क्लासेस हफ्ते में 2 दिन होंगी। स्कूलों के खुलने के साथ ही ऑनलाइन क्लासेस भी जारी रहेंगी।
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक, कक्षा 12वीं की क्लास सोमवार-गुरुवार को लगेगी। जबकि, कक्षा 11वीं की क्लास मंगलवार और शुक्रवार को लगेगी। स्कूलों में 50 फीसदी क्षमता के साथ स्टूडेंट्स मौजूद रहेंगे। स्कूल शिक्षा विभाग ने अपने आदेश में कहा है कि स्टूडेंट्स को स्कूल में आने के लिए पैरेंट्स की लिखित सहमति जरूरी होगी।
5 अगस्त से 9वीं- 10वीं की क्लास
कक्षा 11वीं-12वीं के स्कूल खोलने के 10 दिन बाद 5 अगस्त से 9वीं और 10वीं की कक्षाएं भी लगाई जाएंगी। इन दोनों के लिए हफ्ते में एक दिन तय किया गया है। कक्षा 10वीं की कक्षाएं बुधवार और 09वीं की कक्षाएं शनिवार के दिन लगाई जाएंगी। ये क्लास भी स्टूडेंट्स की 50 फीसदी क्षमता के साथ लगाई जाएंगी।
11वीं-12वीं के स्टूडेंट के लिए खोल सकेंगे हॉस्टल
स्कूल शिक्षा विभाग ने स्कूलों के साथ ही हॉस्टल को भी खोलने के निर्देश जारी किए हैं। 26 जुलाई से हॉस्टल भी खोल सकेंगे। हॉस्टल में स्टूडेंट्स के आने से पहले कोविड गाइडलाइन का पालन किया जाना बहुत जरूरी है। छात्रावासों में काम करने वाले सभी अधिकारियों-कर्मचारियों का वैक्सीनेशन होना जरूरी है। हॉस्टल में सेनेटाइजेशन के साथ कमरों और वॉशरूम की साफ-सफाई को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *