एआईएफएफ ने छेत्री का नाम खेल रत्न के लिए भेजा,अर्जुन पुरस्कार के लिए बाला देवी की सिफारिश

नई दिल्ली, अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने पुरुष टीम के स्टार स्ट्राइकर सुनील छेत्री का नाम राजीव गांधी खेल रत्न जबकि राष्ट्रीय महिला फुटबॉल टीम की स्ट्राइकर बाला देवी का नाम अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजा है। बाला देवी अभी स्कॉटिश महिला प्रीमियर लीग फुटबॉल में रेंजर्स की ओर से खेल रही हैं। इसके अलावा द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए गैब्रियल जोसफ का नाम भेजा गया है।
भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम के कप्तान छेत्री बेंगलुरू एफसी क्लब की ओर से खेलते हैं। उन्होंने 118 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलते हुए 74 गोल किये हैं। छेत्री ने हाल ही में कतर में हुए विश्व कप क्वालीफायर में बांग्लादेश के खिलाफ दो गोल किए थे। इससे वह सबसे ज्यादा 76 अंतरराष्ट्रीय गोल करने वाले सक्रिय फुटबॉलरों की सूची में अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी 75 से भी आगे निकलकर दूसरे स्थान पर पहुंच गए थे।
छेत्री को 2019 में पद्म श्री और 2011 में अर्जुन पुरस्कार मिला था। वर्ष 2005 में पदार्पण करने के बाद छेत्री एएफसी चैलेंज कप (2008), सैफ चैम्पियनशिप (2011, 2015), नेहरू कप (2007, 2009, 2012), इंटरकान्टिनेंटल कप (2017, 2018) जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। वह 2011 और 2019 एशियाई कप में भी शामिल थे। वहीं 31 वर्षीय बाला देवी पिछले साल जनवरी में रेंजर्स ऑफ ग्लास्गो से जुड़ने के बाद यूरोप में शीर्ष स्तरीय पेशेवर लीग में खेलने वाली पहली भारतीय महिला फुटबॉलर बनीं। वह 2010 के बाद से देश के लिए 50 से ज्यादा मैच खेल चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *