मप्र में आफत की बारिश…सिंगरौली में 3 की मौत, भोपाल में 3 घायल

भोपाल, मप्र में मानसून सक्रिय होने के साथ ही बर्बादी भी शुरू हो गई है। मप्र के सिंगरौली में नाले में बाढ़ का पानी आने से एक ही परिवार के चार लोग बह गए। इनमें से दो की मौत हो गई जबकि एक लापता है। उसकी तलाश की जा रही है। इनके अलावा चौथी एक बच्ची झाडिय़ों में फंसने से बच गई। वहीं भोपाल में शनिवार शाम तेज हवाओं के साथ अचानक हुई बारिश के कारण भोपाल टॉकीज चौराहे के पास एक पेड़ मकान पर गिर गया। इसमें 4 लोग दब गए। तीन को बाहर निकाल लिया गया है। एक को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। उधर, छत्तीसगढ़ के कोरिया में हसदेव नदी में नहाने गए बच्चों में एक तेज बहाव में बह गया। उसका अभी तक पता नहीं लगा है।
गौरतलब है कि इस बार मप्र में 7 और छग में 6 दिन पहले मौसम ने दस्तक दे दी है। छत्तीसगढ़ में आया दक्षिण-पश्चिम मानसून आगे बढ़ते हुए पेण्ड्रा रोड तक पहुंच गया है। अगले एक-दो दिनों में पूरे प्रदेश में मानसून के सक्रिय हो जाने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बरसात और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
सिंगरौली में एक लापता
सिंगरौली में 11 जून को कोनी गांव के 7 ग्रामीण जंगल लकड़ी लेने गए थे। जो शाम करीब 7 बजे के आसपास पहाड़ उतर कर गांव की ओर मुड़े। जहां 3 ग्रामीण पहले नाला क्रॉस कर आगे निकल गए। वहीं जायसवाल परिवार के एक ही घर के 4 सदस्य चोनाईया नदी के बरसाती नाले को क्रॉस करते समय पानी के तेज बहाव में फंस गए। देखते ही देखते दो बच्चियां और दो सगी बहनें बह गईं। पुलिस ने बताया कि कोनी निवासी 6 साल की सुप्रिया जायसवाल पिता- श्रीकृष्ण जायसवाल बच गई, जबकि 31 साल की अन्नू जायसवाल पति- बाबूराम जायसवाल और 30 साल की उर्मिला जायसवाल पति- श्रीकृष्ण जायसवाल का शव शनिवार को रेस्क्यू ऑपरेशन कर बरामद किया गया। वहीं, 9 साल की प्रियंका जायसवाल पिता- रमेश जायसवाल का पता नहीं चला है।
भोपाल में बर्बादी की बारिश
शनिवार को भोपाल में बर्बादी की बारिश हुई। पुराने शहर में जगह-जगह पेड़ गिरे हैं। हवाओं की रफ्तार इतनी अधिक थी की हाथ ठेले से लेकर सड़क किनारे रखे स्टापर भी यहां-वहां बिखर गए।
सीएसपी नागेंद पटैरिया ने बताया कि शहर में पेड़ गिरने से मलबे में चार लोग दब गए थे। इसमें से तीन को सही सलामत बाहर निकाल लिया गया है। उन्हें हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक का ऑपरेशन चल रहा है। एक अन्य के और दबे होने की जानकारी है। पेड़ को काटकर उसे भी बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
छग में भारी बारिश की चेतावनी
छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बरसात और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि जशपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, दुर्ग और बालोद में अधिकांश स्थानों पर मध्यम से भारी बरसात की संभावना है। वहीं राजनांदगांव जिले में भारी से अति भारी बरसात की संभावना जताई गई है। शेष जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बरसात संभावित है। अगले दो दिनों तक बरसात की प्रकृति ऐसी ही बनी रहने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में मानसून 9-10 जून की रात में ही पहुंच गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *