लगातार चौथे दिन महंगे हुए पेट्रोल-डीजल, मप्र में 101 और राजस्थान में 102 के पार

नई दिल्ली, पेट्रोल-डीजल के मोर्चे पर आम आदमी को राहत मिलने का नाम नहीं ले रही है। सरकारी तेल कंपनियों ने लगातार चौथे दिन पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की है। शुक्रवार 7 मई को पेट्रोल 30 से 35 पैसे और डीजल 28 से 30 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ है। इस बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 91.27 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 81.73 रुपए प्रति लीटर हो गई हैं।
राजस्थान के गंगानगर में पेट्रोल की कीमतें आसमान छू रही हैं। यहां शुक्रवार को 1 लीटर पेट्रोल की कीमत 102.40 रुपए प्रति लीटर हो गईं। यहां डीजल की कीमतें भी रिकॉर्ड ऊंचाई पर हैं। गंगानगर में 1 लीटर डीजल 94.62 रुपए प्रति लीटर पर मिल रहा है। मप्र के रीवा में पेट्रोल 101.79 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। पूरे प्रदेश में पेट्रोल की यह सबसे ज्यादा कीमत है। वहीं डीजल 92.34 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है।
-अंडमान निकोबार में सबसे सस्ते पेट्रोल-डीजल
केंद्र शासित प्रदेश अंडमान निकोबार द्वीप समूह में पेट्रोल-डीजल पूरे देश में सबसे सस्ते हैं। यहां पेट्रोल 76.68 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। जबकि डीजल 76.40 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। कोलकाता में पेट्रोल 91.41 रुपए प्रति लीटर और डीजल 84.57 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। चेन्नई में पेट्रोल 93.15 रुपए प्रति लीटर और डीजल 86.65 रुपए प्रति लीटर हो गया है। नोएडा में पेट्रोल 89.44 रुपए प्रति लीटर और डीजल 81.18 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है।
-अभी और बढ़ सकते हैं पेट्रोल-डीजल के दाम
पिछले दो महीने से देश के कई राज्यों में विधानसभा के चुनाव चल रहे थे। इसलिए, पिछले महीने कच्चा तेल महंगा होने के बाद भी पेट्रोल-डीजल के दाम में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। हालांकि, इस बीच कच्चा तेल सस्ता होने के बाद चार किस्तों में पेट्रोल-डीजल के दाम घटे हैं। अब चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल के दाम बढऩे लगे हैं। इस साल फरवरी में कच्चे तेल का दाम 61 डॉलर प्रति बैरल था, जो मार्च में 64.73 डॉलर पर आ गया। अभी ये ये 68 डॉलर पर बिक रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में पेट्रोल डीजल के दाम और बढ़ सकते हैं। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 2 से 3 रुपए का इजाफा हो सकता है।
-पेट्रोल की कीमत का 60 प्रतिशत हिस्सा टैक्स का
पेट्रोल की कीमतों में 60 प्रतिशत हिस्सा सेंट्रल एक्साइज और राज्यों के टैक्स का होता है, जबकि डीजल में ये 54 प्रतिशत होता है (पेट्रोल पर सेंट्रल एक्साइज ड्यूटी 32.90 रुपए प्रति लीटर है, जबकि डीजल पर 31.80 रुपए प्रति लीटर है। इसके बाद राज्य सरकारें इस पर अपने हिसाब से वैट और सेस वसूलती हैं, जिसके बाद इनका दाम बेस प्राइज से 3 गुना तक बढ़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *