मप्र में कोरोना के हर दिन बढ़ रहे एक हजार सक्रिय संक्रमित, प्रदेश में 3178 नए कोरोना मरीज मिले

भोपाल, मध्य प्रदेश में पिछले 25 दिन में एक दिन छोड़कर कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शनिवार को प्रदेश में कोरोना के 3,178 मरीज मिले हैं। 28 हजार 705 सैंपलों की जांच में इतने संक्रमित मिले हैं। प्रदेश में हर दिन करीब एक हजार सक्रिय मरीज बढ़ रहे हैं। अभी प्रदेश में 21 हजार 335 मरीज हैं। सक्रिय मरीज बढऩे की यही रफ्तार रही तो 30 अप्रैल तक 50 हजार के करीब सक्रिय मरीज हो जाएंगे। ऐसे में अस्पतालों में साधारण बिस्तर भी मिलना मुश्किल हो जाएगा।
प्रदेश के सभी जिलों में मरीज मिल रहे हैं। टीकमगढ़, सिंगरौली, सीधी, मंडला, छतरपुर और भिंड को छोड़ दिया जाए तो शनिवार को हर जिले में 10 से ज्यादा मरीज मिले हैं। इंदौर में दो के अलावा अन्य जिलों में एक-एक मरीजों को मिलाकर कुल 11 मरीजों की मौत शनिवार को हुई है। प्रदेश में अब तक 4040 मरीजों की मौत इस बीमारी से हो चुकी है।
11 फीसदी पर पहुंची संक्रमण दर
प्रदेश में कोरोना की संक्रमण दर (जांचे गए सैंपल में पॉजिटिव का प्रतिशत) भी लगतार बढ़ते हुए 11 फीसदी पर पहुंच गई है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि संक्रमण कितना फैला हुआ है। जांचों की संख्या बढ़ाई जाए तो मरीजों का आंकड़ा भी उसी लिहाज से बढ़ सकता है। राज्य सरकार ने हर दिन 30 हजार सैंपल जांचने का लक्ष्य रखा है। लेकिन संक्रमण इस कदर बढ़ा होने के बाद भी जांच का आंकड़ा 28 हजार से ऊपर नहीं पहुंच रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *