धोनी ने रांची में खोला फ्रेश सब्जियों का आउटलेट, शुरुआत होते ही उमड़ पड़े लोग

रांची, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी उर्फ माही का हर अंदाज जुदा होती है। यही वजह है कि धोनी के किसानी अवतार को भी उनके प्रशंसकों की जबर्दस्त सराहना मिली। आज एक बार फिर यह क्रेज देखने को मिला, जब रांची में धोनी का पहला आउटलेट यानी इजा फार्म हाउस की पहली दुकान खुली। धोनी के किसानी अवतार का क्रेज, रांची में आउटलेट खुलते ही उमड़ी भीड़, रविवार की सुबह रांची के मेन रोड में धोनी के इजा फार्म हाउस के एक आउटलेट का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन धोनी के करियर को ऊंचाई देने वाले उनके दोस्त परमजीत सिंह ने किया। इस मौके पर धोनी के तमाम दोस्त-यारों के साथ खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस आउटलेट में सब्जियों की लंबी रेंज के साथ-साथ फल और दूध के साथ डेयरी उत्पाद भी रखे गए हैं। शहर के सुजाता चौक के पास खुले इस आउटलेट के पास आज सुबह से ही खरीदारों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी।
दरअसल, रांची के लोगों के बीच इजा फॉर्म हाउस की ऑर्गेनिक सब्जियों को लेकर शुरू से ही क्रेज देखा जा रहा है। क्योंकि गुणवत्ता के साथ इनका दाम भी किफायती है। आज रांची में रहने वाले धोनी के तमाम दोस्त आउटलेट के शुभारंभ के मौके पर मौजूद थे। रांची के सैंबो इलाके में धोनी का 43 एकड़ का फार्म हाउस है। जहां बड़े पैमाने पर सब्जी और फलों की खेती हो रही है। वहीं दूसरी तरफ एक बड़े गौशाला का भी निर्माण किया गया है, जहां 300 से ज्यादा गायों को रखा गया है। इसमें साहिवाल और फ्रीजन गायों की नस्ल मौजूद है। इन गायों का दूध भी कई महीनों से रांची के बाजारों में भेजा जा रहा है। रांची में धोनी के आउटलेट में 50 रुपए किलो मटर, 60 रुपए/किलो शिमला मिर्च, आलू 15, ओल 25, बींस 40, पपीता 40, ब्रोकली 25 रुपए किलो मिल रहा है। इसके अलावा दूध 55 रुपए लीटर और घी 300 रुपए में 250 ग्राम की दर से बेचा जा रहा है। इसके अलावा आप यहां से 40 रुपए में स्ट्रॉबेरी के 200 ग्राम का डब्बा भी खरीद सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *