बिप्लब देब का अजीबो गरीब बयान भारत ही नहीं, नेपाल और श्रीलंका जैसे पड़ोसी देशों में भी सरकार बनाना चाहती है भाजपा

अगरतला, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब देब ने एक बार फिर अजीबोगरीब बयान दिया है। राज्य की राजधानी अगरतला में भाजपा के एक कार्यक्रम में बिप्लब देब ने कहा कि उनकी पार्टी की योजना सिर्फ देश ही नहीं बल्कि पड़ोसी देशों में भी सरकार बनाने की है। बिप्लब देब ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह की नेपाल और श्रीलंका में भी सरकार बनाने की योजना है।
बिप्लब देब ने अमित शाह से काफी पहले हुई बातचीत के आधार पर यह दावा किया। दोनों के बीच यह बातचीत सन 2018 में हुए त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के समय हुई थी। इस चुनाव में भाजपा ने त्रिपुरा में लेफ्ट को हराकर सरकार बनाई थी। बिप्लब देब ने कहा कि उस समय भाजपा के अध्यक्ष रहे अमित शाह ने एक बैठक के दौरान भारत के सभी राज्यों में जीतने के बाद ‘विदेशों’ में जीत दर्ज करने की योजना के बारे में बताया था।
बिप्लब देब ने बताया कि हम स्टेट गेस्टहाउस में बात कर रहे थे जब भाजपा के उत्तर पूर्व के क्षेत्रीय महासचिव अजय जामवाल ने कहा कि भाजपा ने कई राज्यों में सरकार बना ली है। इसके जवाब में अमित शाह ने कहा कि अब श्रीलंका और नेपाल बचे हैं। हमें नेपाल और श्रीलंका में पार्टी का विस्तार करना है और वहां सरकार बनाने के लिए जीतना है।
बिप्लब देब ने अमित शाह के नेतृत्व की तारीफ की।
उन्होंने कहा कि भाजपा जल्द ही केरल में कांग्रेस और लेफ्ट के बीच सत्ता के हस्तांतरण के चलन को बदल देगी और दक्षिणी राज्यों में भी जीतेगी। इससे पहले सन 2018 में ही उन्होंने कहा था कि इंटरनेट और सेटेलाइट कम्युनिकेशन महाभारतकाल में भी मौजूद थे। इस बयान को लेकर वह काफी ट्रोल हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *