लखनऊ, पंजाब और यूपी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में खालिस्तानी आतंकी जगदेव सिंह जग्गा को गिरफ्तार किया है। जग्गा पंजाब से लखीमपुर के रास्ते लखनऊ आ रहा था। पंजाब पुलिस और यूपी पुलिस ने सोमवार दोपहर उसे सचिवालय चैराहा सेक्टर सी जानकीपुरम से पकड़ लिया। वह राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के कई मामलों में वांछित था और पंजाब पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
जानकारी के मुताबिक खालिस्तानी आतंकी जगदेव सिंह जग्गा का एक साथी पंजाब में गिरफ्तार किया गया था। उससे पूछताछ में जानकारी मिली कि सुरक्षित ठिकाने की तलाश में जगदेव सिंह जग्गा लखनऊ जा रहा है। इस जानकारी के आधार पर अमृतसर स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल से इंस्पेक्टर इंद्रदीप सिंह ने नेतृत्व में 10 पुलिसकर्मियों की टीम लखनऊ पहुंची। यहां लखनऊ पुलिस के सहयोग से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। खालिस्तान समर्थक आतंकवादी परमजीत सिंह पम्मा और मलतानी सिंह का साथी जगदेव सिंह को लखनऊ की विकास नगर पुलिस व पंजाब पुलिस की संयुक्त टीम ने दोपहर दो बजे गिरफ्तार किया है। पंजाब के फिरोजपुर जिले के फतेहगढ़ सकरा थाना जीरा गांव निवासी आतंकी पर स्टेट स्पेशल ऑप्रेशन सेल अमृतसर पंजाब में अर्म्स एक्ट समेत करीब नौ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस जल्द ही आतंकी को कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर लेगी। जग्गा के खिलाफ सात फरवरी को अमृतसर की कोर्ट के न्यायिक मजिस्ट्रेट ने गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया था।
खालिस्तानी आतंकी जगदेव सिंह जग्गा लखनऊ में गिरफ्तार