चेन्नई, ब्रिटिश कप्तान जो रुट के शानदार शतक से इंग्लैंड ने शुक्रवार से यहां भारत के साथ शुरु हुए पहले क्रिकेट टेस्ट मैच में पहले दिन का खेल समाप्त होने के समय तक अपनी पहली पारी में तीन विकेट पर 263 रन बनाये। पहले दिन का खेल समाप्त होने के समय कप्तान जो रूट नाबाद 128 रन बनाकर खेल रहे थे। इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत धीमी रही। भारत की ओर से तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने पहले दिन 2 जबकि अश्विन ने एक विकेट लिया। सिबली 286 गेंदों पर 12 चौकों की मदद से 87 रन बनाकर 90वें ओवर की तीसरी गेंद पर बुमराह की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। ये बुमराह का दूसरा विकेट था। इससे पहले उन्होंने लॉरेंस को शून्य पर ही पेवेलियन भेज दिया। इंग्लैंड की पारी का आकर्षण कप्तान रूट की पारी रही। रुट ने अपने 100वें टेस्ट मैच में वाशिंगटन सुंदर की 78वें ओवर की आखिरी गेंद पर एक रन बनाकर शतक पूरा किया। वह 100वें टेस्ट में शतक लगाने वाले 9वें खिलाड़ी बने।
वहीं बुमराह ने 26वें ओवर में डैनियल लॉरेंस का शून्य पर एलबीडब्ल्यू आउट करते हुए भारतीय टीम को दूसरी सफलता दिलाई। इंग्लैंड का पहला विकेट रोरी बर्न्स का गिरा जिन्होंने 60 गेंदों पर 2 चौकों की मदद से 33 रन बनाए। वह 24वें ओवर की पांचवीं गेंद पर आर अश्विन की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने के प्रयास में आउट हुए। सिब्ली ने जहां अपनी पारी में संयम का पूरा प्रदर्शन किया, वहीं रूट ने आकर्षक शॉट्स लगाए। तेज गेंदबाज इशांत शर्मा, जसप्रीत बुमराह, स्पिनर रविचंद्रन अश्विन, शाहबाज नदीम और वॉशिंगटन सुंदर ने हर कोशिश की लेकिन उन्हें आउट नहीं कर सके। पहले दो सत्र में इंग्लैंड ने धीमा खेलते हुए क्रमश: 67 और 73 जोड़े। आखिरी सत्र में इंग्लैंड की टीम ने 33 ओवर में 123 रन बनाए। इससे पहले सुबह सलामी बल्लेबाज रोरी बर्न्स और सिब्ले ने पहले विकेट के लिये 63 रन जोड़कर इंग्लैंड को मजबूत शुरूआत दी। इससे पहले इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। श्रीलंका दौरे से बाहर रहे बेन स्टोक्स, जोफ्रा आर्चर और रोरी बर्न्स ने टीम में वापसी की है. वहीं भारतीय टीम में विराट कोहली पितृत्व अवकाश के बाद लौटे हैं। इसके अलावा इशांत शर्मा की वापसी हुई जबकि अक्षर पटेल की जगह शाहबाज नदीम को मौका मिला
इंग्लैंड के कप्तान रूट का सौवें टेस्ट में आकर्षक शतक ,टीम ने पहले दिन बनाये 263/3