महाराष्ट्र के वर्धा में स्टील फैक्ट्री का बॉयलर फटने से 35 झुलसे

वर्धा, महाराष्ट्र के वर्धा में एक स्टील प्लांट का बॉयलर फटने से 35 लोग झुलस गए। इनमें से 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को नागपुर के अस्पताल में भर्ती किया गया है। सामान्य घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज जारी है। हादसा सुबह 10:30 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, वर्धा से लगभग 10 किमी दूर भुगांव में उत्तम मेटालिक्स का प्लांट है। सुबह बॉयलर में ब्लास्ट होने से जलता हुआ कोयला कर्मचारियों के ऊपर आ गिरा। हादसे में 7 मजदूर 50 फीसदी से ज्यादा जले हैं। हालांकि, हादसे के कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। राहत और बचाव कार्य तेजी से किया गया। कलेक्टर विवेक भीमानवार ने बताया कि बॉयलर फटने की घटना उत्तम गाल्वा स्टील्स लिमिटेड (उत्तम मेटालिक्स) कंपनी में हुई है। गंभीर रूप से घायलों को नागपुर जिला हॉस्पिटल के बर्न वार्ड में भर्ती करवाया गया है। उल्लेखनीय है कि उत्तम मेटालिक्स पश्चिम भारत की कोल्ड रोल्ड स्टील और जस्ता इस्पात की सबसे बड़ी फैक्ट्री है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *