धर्मशाला, कोरोना से संक्रमित हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि, उनके बेटे विक्रम शर्मा को फोर्टिस अस्पताल चंडीगढ़ शिफ्ट किया गया है। दोनों बीते सप्ताह कोरोना से संक्रमित पाए गए थे। इससे पहले, मंगलवार सुबह शांता कुमार की पत्नी संतोष शैलजा की कांगड़ा के डाक्टर राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा में मौत हो गई थी।
इसके बाद, बुधवार सुबह पालमपुर स्थित घर पर शांता कुमार की तबीयत खराब हो गई। उन्हें घबराहट होने लगी इसके बाद उन्हें ऑक्सीजन लगाकर उपचार के लिए चंडीगढ़ ले जाया गया, जहां अब उनकी तबियत स्थिर बताई जाती है। सीएमओ कांगड़ा डॉक्टर गुरदर्शन शर्मा ने कहा कि शांता कुमार को उपचार के लिए फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनकी सेहत में सुधार देखा गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल शांता कुमार की तबीयत ठीक है। उन्हें सुबह हलका बुखार महसूस हो रहा था। चिकित्सकों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। सफर में उन्हें कोई तकलीफ नहीं हो इसके लिए उन्हें ऑक्सीजन भी लगाई गई। उल्लेखनीय है कि शांता कुमार की 83 साल की पत्नी का हाल ही में कोरोना से संक्रमित होने के बाद निधन हो गया है। उन्हें टांडा में भर्ती कराया गया था। यहां उन्हें हाईपरटेंशन और डाईबिटीज की भी शिकायत थी।
वरिष्ठ भाजपा नेता शांता कुमार को कोरोना संक्रमित होने पर मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया
