सर्बिया के जोकोविच, स्विटजरलैंड के फेडरर, स्पेन के नडाल और तियाफोई को मिले एटीपी अवार्ड

नई दिल्ली,साल 2020 में विश्व के नंबर एक खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच, स्विटजरलैंड के रोजर फेडरर, स्पेन के राफेल नडाल और फ्रांसिस तियाफोई को एटीपी अवार्ड मिले हैं। जोकोविच ने इस साल छठी बार साल का अंत विश्व के नंबर एक खिलाड़ी के रूप में किया। उन्होंने 2020 में रिकॉर्ड 8वें ऑस्ट्रेलियाई ओपन खिताब सहित कुल 4 खिताब जीते हैं। वहीं अमेरिकी ओपन चैम्पियन मेट पाविच और ब्रूनो सोरेस की जोड़ी युगल में नंबर एक रही। इस साल केवल 6 एकल मुकाबले खेलने वाले फेडरर एकल वर्ग में प्रशंसकों के सबसे पसंदीदा खिलाड़ी रहे। उन्हें लगातार 18वें साल इस पुरस्कार के लिए चुना गया और उन्होंने अपने रिकॉर्ड को आगे बढ़ाया।
वहीं फ्रैंच ओपन में अपना 13वां खिताब जीतने वाले नडाल को लगातार तीसरे साल और कुल चौथी बार स्टीफन एडबर्ग खेल भावना पुरस्कार मिला। रूस के आंद्रे रूबलेव ने पांच खिताब जीतकर टूर पर रैंकिंग में सबसे अधिक सुधार किया। वह 23वीं रैंकिंग से करियर की सर्वश्रेष्ठ आठवीं रैंकिंग पर पहुंचे। तियाफोई को उनकी सामाजिक गतिविधियों के लिए आर्थर ऐश मानवता पुरस्कार दिया गया। स्पेन के 17 साल के कार्लोस अलकारेज को साल का उभरता हुए खिलाड़ी चुना गया। उन्होंने तीन चैलेंजर खिताब जीते। वासेक पोसपिसिल को साल 2019 में पीठ की सर्जरी के बाद सर्वश्रेष्ठ वापसी करने वाला खिलाड़ी चुना गया है।
बिग रैमी ने जीता बॉडी बिल्डिंग का सबसे बड़ा खिताब
मिस्र मूल के ममदोह एल्सबाय ‘बिग रेमी’ ने बॉडी बिल्डिंग के सबसे बड़े खिताब मिस्टर ओलंपिया को जीता है। उन्होंने इस प्रतियोगिता में गत चैंपियन ब्रैंडन करी और सात बार के विजेता रहे फिल हीथ को हराया। इसके साथ ही बिग रैमी को मिस्टर ओलंपिया के खिताब के साथ 4 लाख डॉलर का इनाम भी दिया गया है।
बिग रैमी ने सात बार इस प्रतियोगिता में भाग लिया है। बिग रैमी ने साल 2013 में पहली बार मिस्टर ओलंपिया में भाग लिया था और उस समय उनका सबसे खराब प्रदर्शन रहा था पर इस साल बिग रैमी पहले स्थान पर रहे थे। इसके साथ ही बिग रैमी को पीपल्स चैंप अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया। यह अवॉर्ड फैंस के वोटों द्वारा किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *