उज्जैन, परसों शाम बेगमबाग में रैली के दौरान विवाद हुआ और पथराव हो गया था। इस घटना में कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए थे। इस घटना से तनाव फैल गया था और तभी से पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है। कल पुलिस ने पथराव करने वालों के मकान तोड़े थे। इनमें से एक व्यक्ति के दोनों मकान ढहा दिए गए और उक्त परिवार को रात में रिश्तेदार के घर शरण लेना पड़ी। एडिशनल एसपी अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि परसों शाम रामनिधि समर्पण अभियान के तहत निकाली गई रैली पर एक समुदाय के कुछ लोगों ने विवाद कर अन्य लोगों को इकट्ठा कर पथराव करवा दिया था। इस दौरान क्षेत्र में जमकर तनाव फैल गया था और घरों की छतों से रैली में शामिल कार्यकर्ताओं पर पत्थर फैंके गए। इस दौरान कई लोग घायल हो गए थे और दर्जनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी-कलेक्टर सहित सभी पुलिस अधिकारी और थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया गया। घटना के बाद से ही परसों रात से पूरे इलाके में पुलिस बल लगा दिया था जो आज भी तैनात है। पुलिस ने कार्यकर्ताओं की शिकायत पर बेगमबाग क्षेत्र में रहने वाले 40 से अधिक लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर परसों रात 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने मौके के सीसीटीवी फुटेज चेक किए जिसमें बेगमबाग क्षेत्र के जिन घरों से पत्थर बरसाए गए उन्हें चिह्नित किया गया। कल दोपहर में जेसीबी और नगर निगम की गैंग की मदद से पुलिस बल की मौजूदगी में पथराव करने वाले घरों को तोड़ने की मुहिम चलाई गई। इस दौरान क्षेत्र के महिला-पुरुष कार्रवाई के विरोध में उतर आए थे। एक बार विरोध को देखकर टीम लौट गई लेकिन कुछ देर बाद टीम वापस पहुँची और पूरे क्षेत्र में बल लगाकर मकानों की तुड़ाई शुरु करवाई गई और शाम तक दो मकानों को तोड़ा गया। उक्त मकान भूरू पेंटर नामक व्यक्ति के हैं जिसके परिवार के लोगों ने जमकर पथराव किया था। घर टूटने से पहले उसके यहाँ पर किराए से रहने वाली एक महिला घर खाली कर गई थी। मकान टूटने के बाद बेघर भूरू और उसके परिवार को रात में कोटमोहल्ला निवासी अपने रिश्तेदार के घर शरण लेना पड़ी। इधर पुलिस ने पथरावबाजी में शामिल एक महिला सहित 4 लोगों के खिलाफ रासुका में कार्रवाई कर गिरफ्तार कर लिया है। आज सभी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा जा रहा है। एएसपी ने बताया कि सभी के खिलाफ बलवे सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है और अन्य उपद्रव मचाने वालों की पहचान की जा रही है तथा शाम तक कई लोगों की गिरफ्तारी की जाएगी तथा कुछ और लोगों पर भी रासुका लगाई जाएगी। इधर आज सुबह भी बेगमबाग, हरिफाटक पुल, तोपखाना, कोटमोहल्ला, महाकाल घाटी आदि क्षेत्रों में पुलिस बल लगाया हुआ है और हरिफाटक से बेगमबाग आने वाले रास्ते पर किसी को प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है।
उज्जैन में पथराव करने वाले के दोनों मकान टूटने पर उसे रिश्तेदार के यहाँ लेना पड़ी शरण