क्रिकेटर रैना व सिंगर रंधावा नाइट कर्फ्यू के दौरान पब में पार्टी करते गिरफ्तार किए गए

मुंबई, महाराष्ट्र के मुंबई और कुछ अन्य शहरों में कोरोना संक्रमण के बढ़े मामलों को देखते हुए अब भी सख्ती जारी है। मुंबई में 22 दिसंबर से 5 जनवरी तक नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। मुंबई पुलिस ने छापेमारी करते कोरोना गाइडलाइन्स का उल्लंघन करने और नाइट कर्फ्यू का उल्लंघन के मामले में एयरपोर्ट के पास स्थित ड्रैगन फ्लाई नामक पब से 34 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस द्वारा पकड़े गए 34 लोगों में से कई सेलिब्रिटी हैं। पकड़े गए लोगों में क्रिकेटर सुरेश रैना भी शामिल हैं। हालांकि, रैना को बाद में जमानत दे दी गई।
मुंबई में लॉकडाउन नियमों के तहत पब को खोले रखने का अधिकतम समय रात 11 बजे तय किया गया है। लेकिन नियमों का उल्लंघन करते हुए पब को सुबह 4 बजे तक खोला गया था। पकड़े गए सभी लोग पार्टी कर रहे थे। पकड़े गए 34 लोगों में से 27 पब के कस्‍टमर हैं। इसमें 7 स्‍टाफ के लोग शामिल हैं। पार्टी में क्रिकेटर सुरेश रैना, सिंगर गुरु रंधावा समेत कई अन्‍य सेलिब्रिटी मौजूद थे। सूत्रों के अनुसार जब पुलिस ने कार्रवाई की उस समय पब में मौजूद कई लोग पीछे के दरवाजे से निकल भागने में सफल रहे।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र सरकार ने ब्रिटेन में कोरोना वायरस के एक नए प्रकार (स्ट्रेन) के सामने आने की आशंकाओं के बीच एहतियाती कदम उठाते हुए राज्य के नगर निगम क्षेत्रों में 22 दिसंबर से पांच जनवरी तक रात्रिकालीन कर्फ्यू लगाने की घोषणा की है। इसके अनुसार नगर निगम क्षेत्रों में 22 दिसंबर से पांच जनवरी तक रात 11 बजे से सुबह छह बजे तक रात्रि कर्फ्यू लगाए जाने का फैसला किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *