मुंबई, बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह ने पिछले कुछ सालों में अभिनय की विविधता से फिल्म निर्देशकों का भी भरोसा जीता है। उनके पास इस समय कुछ प्रोजेक्ट्स पहले से ही हैं, अब इस लिस्ट में एक फिल्म और जुड़ती नजर आ रही है। सूत्रों के अनुसार रणवीर सिंह और आलिया जल्द ही करन जौहर की फिल्म में स्क्रीन शेयर करते नजर आ सकते हैं। फिल्म को लेकर ज्यादा जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। खबर है कि फिल्म की शूटिंग 2021 में शुरू की जाएगी। रणवीर अपने सारे प्रोजेक्ट्स खत्म करने के बाद इस फिल्म के साथ जुड़ेंगे। शूटिंग से पहले वह 25 दिन की एक वर्कशॉप का हिस्सा होंगे। आलिया भट्ट भी इसका हिस्सा होंगी। फिल्म की शूटिंग अप्रैल 2021 में शुरू की जाने की संभावना है। सूत्र के मुताबिक रणवीर सारे शूट्स खत्म करने के बाद कुछ समय की छुट्टी लेंगे। इसके बाद इस वर्कशॉप पर काम शुरू किया जाएगा। आलिया, संजयलीला भंसाली की फिल्म गंगुबाई कातियावणी खत्म करने के बाद इस प्रोजेक्ट के साथ जुड़ेंगी।
अगर सब कुछ सही रहा तो अगले साल फैन्स एक बार फिर से आलिया और रणवीर की जोड़ी को पर्दे पर देख सकेंगे। गली बॉय में इनके काम की खूब तारीफ की गई थी और फिल्म भी खूब चली थी। वर्क फ्रंट की बात करें तो रणवीर सिंह की फिल्म 83 सन 2021 में रिलीज होने वाली है। वे रोहित शेट्टी की फिल्म सूर्यवंशी में भी नजर आएंगे। इसके अलावा वे जाएसभाई जोरदार जैसी फिल्म का भी हिस्सा हैं। वहीं आलिया गंगुबाई कातियावणी के अलावा फिल्म ब्रह्मास्त्र में नजर आएंगी।
आलिया और रणवीर सिंह जल्द करन जौहर की फिल्म में स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे